भिवानी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग से जारी की गई डी ग्रुप की नियुक्तियों के बाद शुक्रवार को महाशिवरात्रि की छुट्टी के बावजूद दिनभर ओपीडी खुली रही। चयनित उम्मीदवारों के पास शुक्रवार दोपहर तक ईमेल से सूचना पहुंची तो उम्मीदवार मेडिकल के लिए नागरिक अस्पताल में जुटे। हालांकि शाम तक करीब सवा सौ उम्मीदवारों ने अपना मेडिकल कराया। इसके लिए ओपीडी में चिकित्सकों को बुलाया गया और लैब भी खुली रही।
ग्रुप डी में चयनित उम्मीदवारों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार दोपहर तक ईमेल के माध्यम से सूचना दी गई। इसके बाद ही वे मेडिकल के लिए नागरिक अस्पताल आए हैं। हालांकि मेडिकल के बाद ही उन्हें नियुक्ति दी जाएगी। शुक्रवार शाम तक नागरिक अस्पताल में करीब सवा सौ उम्मीदवारों का ही मेडिकल हुआ। अब शनिवार को मेडिकल के लिए अधिक संख्या में उम्मीदवारों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए ओपीडी में भी चिकित्सकों की व्यवस्था के स्वास्थ्य अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं।
सीएमओ कार्यालय में भी मेडिकल के लिए अलग से कर्मचारी दस्तावेज पूरे कराएंगे। भिवानी जिले से चयनित युवाओं मेडिकल कराना अनिवार्य है। ऐसे में शनिवार को नागरिक अस्पताल में ज्यादा उम्मीदवारों के पहुंचने की उम्मीद है।
ग्रुप डी में जिन उम्मीदवारों का मेडिकल के लिए आवेदन मिला, उन सभी का मेडिकल कराया गया है। इसके लिए चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। शनिवार और रविवार को भी मेडिकल के लिए व्यवस्था रहेगी। हमारा उम्मीदवारों से अनुरोध है कि सभी अभ्यर्थी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अपने साथ ज्यादा अभिभावकों को लेकर न आएं, ताकि ओपीडी में मेडिकल के दौरान किसी तरह की दिक्कत न बने। सभी उम्मीदवारों का मेडिकल होगा। इसकी व्यवस्था की गई है। -डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।