भिवानी। शहर के रिंग रोड और अंदरूनी सड़कों व गलियों में राह चलते व्यक्ति खुले में कचरा नहीं फेंकेंगे। बल्कि इन सभी जगहों पर नगर परिषद कूड़ेदान रखवाने जा रही है। नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था चाकचौबंद करने के लिए एक हजार छोटे कूड़ेदान खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ये सभी कूड़ेदान शहर की अंदरूनी गलियों, बाजारों की सड़कें, पार्क, सार्वजनिक स्थानों, सब्जी मंडी, चौक व चौराहों पर रखे जाने की प्रस्तावित योजना है। इनके अलावा उन इलाकों में रखे जाएंगे, जहां पर लोगों की ज्यादा आवाजाही हो रही है। दूसरी तरफ कचरे को एक जगह से बड़े कूड़ेदान तक ले जाने के लिए दो सौ रेहड़ियों के खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इनमें सौ रिक्शा हाथ से खिंचने वाली है और सौ रिक्शा रेहड़ी शामिल है। इन रिक्शा की आने के बाद सफाई व्यवस्था को और गति मिलेगी।
शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों व दरोगा को नप चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने सफाई उपकरण कस्सी वितरित की। कुछ दिन पहले सफाई दरोगा ने आयोजित बैठक में सफाई उपकरणों की कमी की बात कही थी। उस वक्त बताया था कि मिट्टी उठाने के लिए कस्सी, फावड़े, हाथ से खींचे जाने वाली रेहड़ी की संख्या कम है। इसकी वजह से सफाई व्यवस्था में समस्या आती है। जिस पर नगर परिषद ने संज्ञान लेते हुए सभी दरोगा की डिमांड के हिसाब से कस्सी उपलब्ध करवाई है। साथ ही जल्द ही अन्य उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाने की योजना है।
विगत में सफाई दरोगा की बैठक में सफाई उपकरणों की कमी की बात सामने आई थी। इसमें सफाई दरोगा ने अतिरिक्त कस्सी, रेहड़ी व कूड़ेदान की मांग की थी। इसके चलते सफाई दरोगा को कस्सी वितरित की गई हैं। इनके अलावा जल्द ही एक हजार कूड़ेदान, दो सौ रेहड़ी हाथ से खींचे जाने व रिक्शा वाली रेहड़ी खरीद की जाएंगी। उसके बाद इन डस्टबिनों को शहर की मुख्य सड़कों के अलावा संपर्क मार्ग, बाजारों की गलियों, पार्कों व सार्वजनिक स्थानों पर रखवाया जाएगा।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।