भिवानी। ट्रैक्टर खरीदने के लिए ऑनलाइन सौदा करना एक किसान को महंगा पड़ गया। किसान ने दो ट्रैक्टर ऑनलाइन देखे और दोनों को खरीदने के लिए ऑर्डर कर दिया। किसान को झांसे में लेकर शातिरों ने उससे गूगल पे से 109348 की राशि अपने खाते में डलवा ली। इसके बाद शातिरों ने न ट्रैक्टर दिया और न ही रुपये वापस किए। ठगी का शिकार किसान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जुईकलां पुलिस थाना में दी शिकायत में ढाबढाणी वासी ओमप्रकाश ने बताया कि 28 जून को उसने दो ट्रैक्टर ऑनलाइन देखे थे। एक ट्रैक्टर एक लाख 30 हजार और दूसरा ट्रैक्टर एक लाख रुपये में सौदा तय था। फोन मिलाकर पता करने पर सामने वाले ने पंजाब पुलिस में खुद को सिपाही बताया और दूसरे व्यक्ति ने खुद को सीआईएसएफ में सिपाही बताया। उसने ट्रैक्टर खरीद के लिए कुल 1,09,348 गूगल पे से खाते में डाल दिए। बाकी पैसे घर पर नकद देने की हुई। आरोपियों ने एनओसी देने के बहाने किसान से उसका आधार कार्ड व ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो भी मांगा। इसके बाद शातिरों ने ट्रैक्टरों की डिलिवरी नहीं दी। इसके बाद शातिरों ने किसान से पैसे की मांग की तो उसे शक हुआ। बाद में किसान ने मामले की शिकायत जुईकलां पुलिस थाने में दी।