भिवानी। खुद को आरबीआई का एक अधिकारी बताकर बीएससी के छात्र के खाते से जुड़ी अहम जानकारी जुटाई और फिर पिता-पुत्र के बैंक खातों से करीब एक लाख की नकदी निकाल ली। दरअसल युवक ने अपने खाते से 1799 रुपये कट जाने के बाद वापसी के लिए ऑनलाइन फोन में एक एप डाउनलोड किया था। सदर पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव धनाना तृतीय वासी राहुल ने बताया कि वह बीएससी का छात्र है। उसके एसबीआई स्थित बैंक खाता से खुला है, जिसमें चार जुलाई को 1799 रुपये की राशि कट गई थी। रुपये वापस मंगवाने के लिए उसने ऑनलाइन एक एप्लीकेशन फोन में डाउनलोड की थी। इसके बाद छह जुलाई को उसके पास फोन आया। फोन पर बोलने वाले ने खुद को आरबीआई मुख्यालय से कोई अधिकारी बताया। उसने उसके खाते से कटे हुए पैसे वापस डालने की बात कही। इस पर उसके पास एक लिंक भेजा, जिसके बाद उसके फोन में एक एप्लीकेशन डाउनलोड कराई। इस पर कोड एक्टिवेट कराया। इसके बाद उसके बैंक, एटीएम से जुड़ी जानकारी भी एप्लीकेशन में भरवाई। जिसके बाद उसके खाता से चार बार कर 40596 रुपये की राशि कट गई। इसके बाद राहुल ने अपने पिता के बैंक खाते की इसी तरह डिटेल दी तो उसके पिता के बैंक खाता से 59195 रुपये की राशि निकल गई। इस तरह से आरोपी ने झांसे में लेकर बाप बेटे के बैंक खातों से 99791 रुपये की राशि खाते से निकाल ली। बैंक खातों से राशि निकल जाने के बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी। पुलिस ने राहुल की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।