भिवानी की चारा मंडी में लगा सरसों का ढेर।
संवाद न्यूज एजेेंसी भिवानी। मंडियों में सरसों और गेहूं की सरकारी खरीद में अचानक फिर से मौसम का बिगड़ना किसानों और खरीद एजेंसी के अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। रविवार को भी दिनभर आसमान में बादल घिरे रहे वहीं गरज के साथ हल्की-फुल्की बारिश हुई। भिवानी की अनाज मंडी में गेहूं के करीब 50 हजार से अधिक कट्टों का उठान बाकी है, जबकि चारामंडी में अब भी सरसों के एक लाख कट्टे उठान के इंतजार में हैं।
अधिकांश सरसों तो खुले आसमान के नीचे ढेरियों में पड़ी है। बारिश हुई तो सरसों प्रभावित होगी। वहीं भिवानी मंडी में गेहूं के खरीद हो चुके अधिकांश कट्टे भी खुले में हैं। सोमवार को भी अगर मौसम खराब हुआ तो खरीद नहीं हो पाएगी। चारा मंडी में अब तक तीन लाख कट्टे सरसों की खरीद हो चुकी है। यानी डेढ़ लाख क्विंटल सरसों अब तक किसानों से खरीदी जा चुकी है। इसमें से एक लाख कट्टों का उठान अभी बाकी है। कोलकाता से सोमवार को चारा मंडी में बारदाना पहुंचने की उम्मीद है। हैफेड ने 50 हजार कट्टे बारदाना की डिमांड की हुई है। जिसके लिए कलकत्ता से दो गाड़ी बारदाना लेकर चल पड़ी हैं। एक गाड़ी 25 हजार कट्टों की खेप लेकर सोमवार को पहुंचेगी। रविवार को भिवानी मंडी से गेहूं के करीब 20 हजार कट्टों का उठान भी कराया गया है।
मौसम बिगड़ने की चेतावनी के बाद नहीं पहुंच रहे मंडी में किसान
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद मंडी में कोई भी किसान अब फसल लेकर नहीं आ रहा है। हालांकि मई के शुरुआती सप्ताह में मौसम फिर से बिगड़ने की चेतावनी है वहीं रविवार को भी हल्की बूंदाबांदी कुछ मिनट के लिए हुई है। जिससे पहले से ही मंडियों में पड़ी सरसों और गेहूं को बारिश से भीगने से बचा पाना मुश्किल हो रहा है। नए किसानों की फसल रखने के लिए भी जगह नहीं है।
कोलकाता से 50 हजार बारदाना की खेप मंगवाई गई है। सोमवार को एक खेप आ जाएगी। फिलहाल चारा मंडी से सरसों का उठान कराया जा रहा है। करीब 70 हजार कट्टों का उठान बाकी है। बारदाना आने के बाद खरीद हो चुकी सरसों की भराई भी तेजी से कराई जाएगी। मौसम साफ हुआ और निर्देश हुए तो सोमवार को सरसों खरीद होगी।
-नवीन कुमार परचेजर हैफेड भिवानी।
अनाज मंडी में गेहूं का उठान तेजी से चल रहा है। फिलहाल नए किसान मंडी नहीं आ रहे हैं, जो गेहूं पहले से मंडी में उसकी खरीद भी मौसम साफ रहा तो सोमवार को होगी।
-मुकेश कुमार, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी भिवानी।