भिवानी। जिले में वीरवार को कोरोना का एक नया संक्रमित मिला है, जिसके बाद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या पांच हो गई है। जिले के कोरोना संक्रमित पांचों मरीज ग्रामीण क्षेत्र से हैं, जिनमें से चार होम आइसोलेट हैं, जबकि एक को अस्पताल में दाखिल करवाया है। वीरवार को कोरोना जांच के 870 सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आने की उम्मीद है। हालांकि जिले के 838 सैंपल की रिपोर्ट पहले से लंबित है। सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर में 4103 संक्रमित मिले हैं, जिनमें से 4084 स्वस्थ हुए हैं और 14 ने जान गवाई है। नागरिकों से अपील है कि कोरोना से बचाव के लिए सावधानी रखें।