भिवानी। सीआईए स्टाफ द्वितीय की टीम ने बिना लाइसेंस के अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से एक अवैध पिस्तौल व एक कारतूस भी बरामद किया है। सीआईए द्वितीय के इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक रमेश कुमार अपनी टीम के साथ सिवानी बस अड्डा पर मौजूद थे। टीम को सूचना मिली एक व्यक्ति सिवानी के तोशाम बाईपास पर खड़ा है जिसके पास बिना लाइसेंस का अवैध हथियार है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उक्त युवक को काबू किया। उसकी तलाशी लेने पर एक देसी पिस्तौल के साथ एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गांव बड़वा निवासी अमित के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी से गहनता से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह चार साल पहले पुणे की एक ट्रांसपोर्ट में काम करता था। वहां एक ड्राइवर से उसने 12 हजार रुपये में एक देसी पिस्तौल व दो कारतूस खरीदे थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।