भिवानी। थाना तोशाम पुलिस ने घर में घुसकर रुपये व आभूषण चोरी करने के मामले में एक आरोपी को तोशाम से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तोशाम निवासी निखिल के रूप में हुई है।
थाना तोशाम पुलिस को दी शिकायत में तोशाम निवासी एक महिला ने बताया कि उनका घर जाट धर्मशाला तोशाम के पीछे है। चोर 26 सितंबर की रात को उनके घर में घुसकर रुपये व आभूषण चोरी करके ले गया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को थाना तोशाम के उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने घर में घुसकर रुपये व आभूषण चोरी करने के मामले में आरोपी को तोशाम से गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी से घर से चोरी किया गया एक सोने का लॉकेट व चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। अपने नशे की पूर्ति के लिए घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।