भिवानी। सीआईए स्टाफ द्वितीय ने तोशाम चौक भिवानी से लिफ्ट देने के बहाने व्यक्ति से रुपये व मोबाइल फोन छीनने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बीपीएल बस्ती तोशाम निवासी अक्षय के रूप में हुई है।
बापोड़ा निवासी हिमांशु ने थाना सदर पुलिस को एक शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस को दी शिकायत में हिमांशु ने बताया कि वह रोहतक में एक निजी कंपनी में कार्य करता है। गत 2 जून को वह रात को रोहतक से भिवानी आया था। भिवानी से अपने गांव बापोड़ा जाने के लिए तोशाम रोड नजदीक वैश्य कॉलेज चौक के पास खड़ा हुआ था। जहां पर एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लड़के आए। जिन्होंने बताया कि वह गांव बीरण जा रहे हैं और उसे बापोड़ा में उतार देंगे। लेकिन आरोपियों द्वारा तोशाम रोड पर आश्रम के पास मोटरसाइकिल को रोककर उससे मोबाइल फोन व रुपये छीन कर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए वीरवार को सीआईए द्वितीय के सहायक उप निरीक्षक रमेश कुमार ने टीम के साथ लिफ्ट देने के बहाने सवारी से मोबाइल फोन व रुपए छीनने के मामले में एक आरोपी को तोशाम चौक भिवानी से गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई एक मोटरसाइकिल व शिकायतकर्ता का छिना हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का कार्य करता है। अपने नशे की पूर्ति के लिए स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। वहीं मामले में दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं।