रितु को आशीर्वाद देने पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
लोहारू। लोहारू अनाज मंडी परिसर में सोमवार को समाजसेवी राजबीर फरटिया की बेटी डॉ. रितु के विवाह समारोह को प्रतिपक्ष नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहुंचे। इसके बाद विभिन्न राजनीति दलों के अलावा किसान संगठनों के नेताओं ने शिरकत की और बेटी को सुखमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। चौधरी भूपेंद्र हुड्डा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे देवीलाल खेल स्टेडियम में बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरे। इस दौरान राजबीर फरटिया के भाई नरेंद्र फरटिया ने पूर्व मुख्यमंत्री और उनके साथ आए विधायक राव दान सिंह का स्वागत किया।
पांडाल में पहुंचकर चौ भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राजबीर फरटिया और बेटी डॉ. रितु को बधाई दी और बेटी को वैवाहिक सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजबीर फरटिया हमारे साथी हैं। उन्हें विवाह की शुभकामनाएं देने आए हैं। अच्छा परिवार है और अच्छे परिवार में आए हैं। इसके बाद ईडी की कार्रवाई को लेकर किए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कहां पड़ रहे हैं छापे ? इसके बाद दूसरे सवालों पर वे चुप्पी साध गए। इस दौरान अमन डालावास, संदीप सिंह सहित अनेक नेता मौजूद थे।
जेजेपी के अजय चौटाला और इनेलो के अभय चौटाला सहित कई नेता हुए समारोह में शामिल
लोहारू अनाजमंडी में समाजसेवी राजबीर फरटिया की बेटी डॉ. रितु के विवाह समारोह कार्यक्रम में जेजेपी सुप्रीमो एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला के अलावा इनेलो नेता डॉ. अभय सिहं चौटाला, महेंद्रगढ़ के विधायक राव दानसिंह, विधायक शकुंतला खटक, विधायक इंदुराज, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, ओमप्रकाश बड़वा, पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, किसान संगठनों के पदाधिकारियों और हलके के हजारों लोग शामिल हुए।