भिवानी। लोहारू रूट पर जाने वाली एक बस में तीन युवकों ने भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला के बैग से करीब सवा लाख रुपये के आभूषण व नकदी चुरा ली। महिला ने शोर मचाया तब तक तीनों युवक बस से उतर कर भाग गए। पीड़िता की शिकायत पर जूई थाना में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में महिला नीतू ने बताया कि वह लोहानी निवासी है। शनिवार को वह अपने तीन बच्चों के साथ नंदगांव से भिवानी आई थी। लोहारू पुल से वह लोहानी जाने के लिए बस में सवार हो गई। उसके साथ तीन बच्चे व एक बैग था। जब वह बस में चढ़ी तो उसके साथ-साथ तीन युवक भी बस में सवार हो गए।
उन युवकों ने महिला को गेट के पास ही बैग छोड़कर आगे सीट लेने को भेज दिया। महिला उन पर भरोसा कर बैग छोड़कर बच्चों के साथ अगले हिस्से की तरफ चली गई। तीनों युवक वहीं बैग के पास खड़े रहे। कुछ देर बाद ही बस में सवार संजय नाम के व्यक्ति ने महिला को बताया कि युवकों ने बैग में कुछ सामान निकाला है। जब महिला ने बैग को चेक किया तो सोने की चेन, चांदी के सिक्के, चांदी की गणेश भगवान की मूर्ति व साढ़े नौ हजार रुपये चोरी हो गए थे। महिला ने युवकों को पकड़ने के लिए शोर मचाया, तब तक तीनों युवक धिराणा मोड़ के समीप बस से कूदकर भाग गए।