फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन बहल सरपंच के लिए हुए दो नामांकन, चरित्र प्रमाण पत्र के लिए थाने में लगी लाइन

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। पंचायती चुनावों को लेकर शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। लेकिन पहले दिन बहल को छोड़कर किसी भी खंड से किसी भी प्रत्याशी ने कोई नामांकन नहीं किया। वहीं शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद भी दावेदार चरित्र प्रमाण पत्र लेने के लिए पुलिस थानों की लंबी कतारों में खड़े दिखे। बिजली निगम, बैंकों से अब तक करीब ढाई हजार दावेदार अपना नोड्यूज करा चुके हैं। अभी भी नोड्यूज की लाइन कम नहीं हो रही है।
विज्ञापन

पंचायती चुनावों में जिला परिषद, पंचायत समिति और सरपंच पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। बहल खंड में सरपंच के लिए दो नामांकन हुए। इसके अलावा भिवानी, बवानीखेड़ा, कैरू, लोहारू, सिवानी व तोशाम खंड में कोई भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। हालांकि नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद ही शुक्रवार को दिनभर कर्मचारी नामांकन के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन नामांकन करने की बजाए लोग कार्यालय में दस्तावेजों की पूछताछ करने ही पहुंचे। सभी खंडों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कर्मचारियों की व्यवस्था कराई गई। कई दावेदार और उनके कुछ समर्थक भी पहुंचे, मगर वे अपना नामांकन दाखिल कराने नहीं महज नामांकन प्रक्रिया की औपचारिकताओं के बारे में पूछताछ कर ही वापस लौट गए। इसी तरह पंचायती चुनावों में यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि जिन दावेदारों के नामांकन भरने की संभावना हैं, उनके विरोधी भी उनको हराने के लिए नामांकन कराने की तैयारी में जुट गए हैं। नामांकन की प्रक्रिया 19 अक्तूबर तक चलेगी। नामांकन के बाद ही पंचायती चुनावी दंगल की तस्वीर साफ होगी और यह पता लगेगा कि राजनीति के अखाड़े में कौन पहलवान किसके सामने अपना जोर आजमाइश में जुटा है।
-----------------------------
इन अधिकारियों को लगाया रिटर्निंग अधिकारी
अतिरिक्त उपायुक्त राहुल नरवाल को जिला परिषद के चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज दलाल को बवानीखेड़ा खंड़ का रिटर्निंग अधिकारी, बहल खंड के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव कृष्ण कुमार, भिवानी खंड के लिए उपमंडल अधिकारी संदीप अग्रवाल, कैरू खंड के लिए जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार को रिटर्निंग अधिकारी लगाया है। लोहारू खंड के लिए उपमंडल अधिकारी लोहारू जगदीश चंद्र, सिवानी खंड के लिए उपमंडल अधिकारी सिवानी सुरेश दलाल, तोशाम खंड के लिए उपमंडल अधिकारी तोशाम मनीष फौगाट को रिटर्निंग अधिकारी लगाया है।
विज्ञापन

--------------------
पंचायत के आम चुनाव के लिए नामांकन प्रकिया 19 अक्तूबर तक चलेगी। पहले दिन बहल से दो नामांकन सरपंच पद के लिए आए हैं। नामांकन कराने के लिए सभी खंडों में रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
-नरेश नरवाल, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भिवानी।
-----------------
ग्राम पंचायत चुनावों को लेकर सभी सब डिविजन कार्यालयों में नोड्यूज की व्यवस्था कराई हुई है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भी लोग नोड्यूज लेने व नोड्यूज से जुड़ी दिक्कतें लेकर आ रहे हैं, उनके समाधान के लिए भी अलग से व्यवस्था कराई गई है।
-रणबीर सिंह, महाप्रबंधक, भिवानी सर्कल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।
----------------
सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायत को मिलेंगे 11 लाख
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सर्वसम्मति से चुनी जाने वाली पंचायत को हरियाणा सरकार की ओर से उस गांव के विकास के लिए विशेष ग्रांट दी जाएगी। जिन ग्राम पंचायतों को ग्रामवासी सर्वसम्मति से चुनेंगे उनको 11 लाख रुपये दिए जाएंगे। जिस गांव में सर्वसम्मति से सरपंच चुना जाएगा उस गांव को पांच लाख रुपये और पंच चुनने पर 50 हजार रुपये प्रति पंच दिए जाएंगे। इसी प्रकार सर्वसम्मति से पंचायत सदस्य चुने जाने पर दो लाख रुपये प्रति सदस्य दिए जाएंगे। यदि जिला परिषद के चुनाव के लिए सर्वसम्मति से सदस्य चुने जाने पर जिला परिषद को विकास के लिए पांच लाख रुपये प्रति सदस्य दिए जाएंगे।
-------------------
तोशाम और कैरू में नहीं हुआ नामांकन
तोशाम/कैरू। पंचायत चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन खंड तोशाम व खंड कैरू के अंतर्गत आने वाली पंचायतों से कोई भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। खंड तोशाम के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीपीओ तोशाम बलराम गुप्ता ने बताया कि पंच, सरपंच व पंचायत समिति के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन प्रक्रिया के लिए पंच व सरपंच पद के लिए नामांकन संबंधित गांवों में प्राप्त किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति सदस्य के लिए नामांकन प्रक्रिया खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में की जाएगी। नामांकन के पहले दिन पंच, सरपंच व पंचायत समिति सदस्य के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। उधर खंड कैरू के सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीपीओ कैरू जितेंद्र कुमार ने बताया कि कैरू खंड के अंतर्गत आने वाले गांवों से पंच, सरपंच व पंचायत समिति सदस्य के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें