भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को नर्सिंग अधिकारियों ने काले बिल्ले लगाकर काम किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नर्सिंग अधिकारियों ने सरकार से लंबित मांगों को पूरा किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के निर्देश पर वह 20 दिसंबर तक रोजाना काले बिल्ले लगाकर काम करेंगी। उसके बावजूद सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।
विज्ञापन
नर्सिंग एसोसिएशन की जिला प्रधान अनीता देवी ने बताया कि नर्सिंग अधिकारियों की ओर से लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। स्टाफ नर्सों को नर्सिंग अधिकारी बना दिया गया, लेकिन उन्हें ग्रुप सी से ग्रुप बी में अब तक शामिल नहीं किया गया है। नर्सिंग अधिकारियों के लिए 7200 रुपये नर्सिंग अलाउंस अभी तक लागू नहीं किया गया। इसके चलते नर्सिंग अधिकारियों ने 20 दिसंबर तक लगातार काले बिल्ले लगाकर काम करने का निर्णय लिया है। वहीं किशनलाल जालान आंखों का अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसर ने मांगों को लेकर डॉ. मनीषा को ज्ञापन सौंपा। नर्सिंग ऑफिसर सुदेश कुमारी व रेखा ने बताया कि पिछले लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान रिम्मी, ज्योति व अन्य नर्सिंग ऑफिसर भी मौजूद रही। इस मौके पर जिला प्रधान अनीता देवी, सचिव सुमित्रा देवी, कैशियर मंजू बाई, प्रेस सचिव सुशीला कुमारी, सीनियर नर्सिंग सिस्टर सरोज देवी, आशा कुमारी, मोनिका, शकुंतला, राजबाला मौजूद रही।