भिवानी। अब हर शहरी वार्ड की गली दूधिया रोशनी से सराबोर होगी। इसके लिए नगर परिषद ने प्रत्येक प्वाइंट पर नई एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू किया है। इतना ही नहीं शहर के सभी 31 वार्डों के अंदर गली मोहल्लों के प्रत्येक स्ट्रीट लाइट प्वाइंट पर नई एलईडी लाइट लगाई जा रही हैं, जिन बिंदुओं पर पहले पुरानी ट्यूबलाइट, सोडियम बल्ब या फिर सीएफएल लगी हैं उन्हें हटाकर नई एलईडी लाइट लगाई जा रही है।
शहर भर में करीब 22 हजार बिंदुओं पर नगर परिषद नई एलईडी लाइट लगाएगा। नगर परिषद के पास करीब साढ़े 17 हजार नई एलईडी लाइटों की खेप है, जबकि कुछ नई लाइटें भी आएंगी। इतना ही नहीं शहर के अंदर करीब 15 हजार पुरानी लाइटों को भी बदलकर उन्हें एलईडी की दूधिया रोशनी में तब्दील किया जाएगा।
दरअसल नगर परिषद ने शहर के अंदर स्ट्रीट लाइटों का ऑटोमेटिक पैनल सिस्टम से जोड़ने से पहले प्रत्येक प्वाइंट पर नई एलईडी लाइट लगाने का काम शुरू किया है। शहर के अंदर करीब 22 हजार बिंदु हैं, जहां हर पोल व प्वाइंट पर नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगेगी। इन सभी लाइटों को फिर ऑटोमेटिक पैनल सिस्टम से जोड़ा जाएगा। जिसके बाद इनका संचालन भी ऑटोमेटिक होगा। सांझ ढलते ही ये लाइटें एक साथ जगमगाएंगी वहीं सुबह अपने आप बंद हो जाएंगी। नई एलईडी स्ट्रीट लाइटों की तीन साल तक कंपनी से वारंटी भी रहेगी, अगर खराब होती है तो तुरंत इन्हें बदला जाएगा।
बता दें कि नगर परिषद शहर के सभी 31 वार्डाें में स्ट्रीट लाइट मेंटनेंस पर सालाना करीब पौने दो करोड़ का बजट खर्च कर रहा है। नगर परिषद ने मेंटनेंस ठेकेदार के माध्यम से शहर के अंदर पुरानी व बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलने का काम शुरू कराया है। जिसके बाद नगर परिषद करीब 22 करोड़ के बजट से स्ट्रीट लाइटों को ऑटोमेटिक पैनल सिस्टम से जोड़ने का काम भी जल्द कराएगा।
नगर परिषद सभी 31 शहरी वार्डों में प्रत्येक बिंदु पर नई एलईडी लाइट लगाने का काम कर रहा है। जहां पुरानी स्ट्रीट लाइटें लगी हैं, साथ-साथ उन्हें भी बदला जा रहा है। शहर के अंदर करीब 22 हजार बिंदु हैं, जिन पर नई एलईडी लाइटें लगेंगी। इसके बाद द्वितीय चरण में शहर की स्ट्रीट लाइटों का संचालन भी ऑटोमेटिक पैनल सिस्टम से जोड़ने पर काम शुरू किया जाएगा। शहर का कोई भी हिस्सा ऐसा नहीं होगा, जहां स्ट्रीट लाइट नहीं है। सभी बिंदुओं की बाकायदा पहचान कर इन पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।