भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दसवीं और बारहवीं की वार्षिक परीक्षा के प्रवेश पत्र में भी सुरक्षा फीचर्स क्यूआर कोड को शामिल कर दिया है। अब हर परीक्षार्थी को जारी किया गया परीक्षा प्रवेश पत्र क्यूआर कोड से लैस होगा। परीक्षा में प्रवेश से पहले ही प्रत्येक परीक्षार्थी के क्यूआर कोड को स्कैन कर बोर्ड में मौजूद जानकारी से मिलान किया जाएगा, इसके बाद ही उसे परीक्षा में बैठने दिया जाएगा। बोर्ड ने ये कदम फर्जी परीक्षार्थियों पर नकेल कसने के लिए उठाया है। अब परीक्षा से पहले ही प्रवेश पत्र के क्यूआर कोड के जरिए फर्जी परीक्षार्थी पकड़ में आ जाएंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने प्रदेशभर में 1483 परीक्षा केंद्रों का गठन किया है। इसमें दसवीं और बारहवीं के 580533 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड की तरफ से इनके प्रवेश पत्र भी वेबसाइट पर लाइव हो चुके हैं। प्रत्येक परीक्षार्थी को दिया गया प्रवेश पत्र क्यूआर कोड से चिह्नित किया गया है। परीक्षार्थी जब परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचेगा तो उसे प्रवेश के दौरान ही प्रवेश पत्र का क्यूआर कोड स्कैन कराना होगा। जैसे ही सुपरवाइजर विद्यार्थी के प्रवेश पत्र का क्यूआर कोड स्कैन करेगा, शिक्षा बोर्ड के रिकॉर्ड में दर्ज उसकी समस्त जानकारी स्क्रीन पर सामने आ जाएगी। इससे असल परीक्षार्थी का डाटा मौके पर ही मिलान हो जाएगा।
दरअसल, बोर्ड की परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देने के फर्जीवाड़े सामने आते रहे हैं। इन पर विराम लगाने के लिए बोर्ड ने ये नया कदम उठाया है। अब तक केवल प्रश्नपत्र के चारों कोड ही हिडन फीचर्स और क्यूआर कोड से लैस किए गए थे। अब प्रवेश पत्र भी क्यूआर कोड में शामिल हो गया है।
अब सुपरवाइजर, ऑर्ब्जवर और केंद्र अधीक्षक बनाएंगे यूएमसी
बोर्ड ने विशेष उड़नदस्तों को समाप्त कर दिया है। इसके बाद अब परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा जाता है तो परीक्षा ड्यूटी दे रहा सुपरवाइजर, केंद्र का अधीक्षक और ऑर्ब्जवर ही यूएमसी बनाएंगे। इससे पहले बोर्ड उड़नदस्ता ही यूएमसी केस दर्ज करता था।
परीक्षा केंद्र में आब्जर्वर और केंद्र अधीक्षक को फोन की अनुमति
परीक्षा केंद्र में आब्जर्वर और केंद्र अधीक्षक अपना मोबाइल फोन अंदर ले जा सकेंगे। इसके अलावा परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र स्कैन करने के लिए सुपरवाइजर को भी फोन की अनुमति दी गई है। सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र फोन में स्कैन होने के बाद सुपरवाइजर अपने-अपने फोन आब्जर्वर के समक्ष जमा कराएंगे। आब्जर्वर एक विशेष एप के जरिये अपने मोबाइल फोन से ही केंद्र के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी रोजाना बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मार्च 2024 की परीक्षा में जारी सभी परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर क्यूआर कोड दिया है। परीक्षार्थी परीक्षा आरंभ होने से आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचेंगे। परीक्षा देने से पहले उनके प्रवेश पत्र के क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा। बोर्ड के इस कदम से फर्जी परीक्षार्थी किसी दूसरे की जगह परीक्षा देने की हिमाकत नहीं कर सकेंगे। अगर ऐसा करता हुआ पकड़ा जाता है तो उसकी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
-डॉ. वीपी यादव, अध्यक्ष हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।