भिवानी। अब भिवानी के तोशाम सब डिपो से पहली बार नूंह तक सीधी बस दौड़ेगी। इसके लिए इसी सप्ताह से रोडवेज बस सेवा शुरू करने का रोडवेज प्रशासन ने निर्णय लिया है। ये बस शनिवार से आरंभ होगी। भिवानी से वाया गुरुग्राम होकर 167 किलोमीटर की दूरी तय कर नूंह तक जाने वाली बस इसी दिन वापस भी आएगी।
इतना ही नहीं अगले सप्ताह से रोडवेज प्रशासन बुलंदशहर और अलीगढ़ के लिए भी एक-एक बस सेवा शुरू करेगा। इसके परमिट को लेकर औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। भिवानी डिपो से 92 बसों को लोकल रूटों पर दौड़ाया जा रहा है। इसके अलावा दूसरे राज्यों में भी रोडवेज की बस पहुंच रही है।
इंटरस्टेट रूट परमिट के तहत बुलंदशहर तक भी भिवानी से सीधी बस चलाई जाएगी। भिवानी से 218 किलोमीटर लंबा रूट बुलंदशहर के लिए परमिट मंजूरी की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद अगले सप्ताह से इस रूट पर भी रोडवेज की एक बस चलाई जाएगी। अलीगढ़ के लिए भी रूट परमिट की औपचारिकता पूरी होते ही एक बस भिवानी से रोजाना चलाई जाएगी।
भिवानी से दूसरे प्रांतों के बड़े शहरों तक जिले के लोगों को सीधी बस सेवा मिलने से व्यापारिक व भ्रमण के लिए जाने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा। भिवानी डिपो के लोहारू और तोशाम सब डिपो से भी बस लंबी दूरी के रूटों पर चलाई जा रही हैं।
नूंह के लिए एक बस सेवा शुरू की जाएगी। इसकी शुरुआत इसी सप्ताह से होगी। बस सुबह करीब साढ़े नौ बजे तोशाम से होकर वाया गुरुग्राम नूंह पहुंचेगी। वहीं बुलंदशहर व अलीगढ़ के लिए भी एक-एक बस सेवा अगले सप्ताह से शुरू की जाएंगी। ग्रामीण रूटों पर भी यात्रियों को बेहतर परिवहन सेवाएं देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- डॉ. नेत्रपाल खत्री, महाप्रबंधक भिवानी डिपो हरियाणा राज्य परिवहन विभाग ।