भिवानी। अब जिले की 62 ग्राम पंचायतों की कई दशकों बाद डगर सुधरेगी। वहीं गांवों में चौपाल बनेंगी। करीब दो करोड़ के बजट से ग्राम पंचायतों में नई गलियों का निर्माण का काम शुरू होगा। इसके विभाग ने ई टेंडर कराए हैं।
इतना ही नहीं लोहारू विधानसभा क्षेत्र में तीन सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के वर्क ऑर्डर भी पंचायती राज विभाग ने अलॉट किए हैं, जिन पर भी अब 10 दिन बाद निर्माण का काम शुरू होगा। एक सामुदायिक केंद्र पर 2.58 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। ग्राम पंचायतों में इंटरलॉकिंग टाइल्स से गलियों के निर्माण का व्यापक स्तर पर काम होगा। इसके लिए करीब 225 गलियों के निर्माण कार्य के ई-टेंडर भी विभाग ने करा दिए हैं। ये कार्य पांच से दस लाख तक के दायरे में आते हैं।
कृषि मंत्री के विधानसभा क्षेत्र के गांव चहड़कलां, मंढोली और ओबरा गांव में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कार्याें का पंचायती राज विभाग ने वर्क ऑर्डर जारी कर दिए हैं। इन गांवों में सामुदायिक केंद्र निर्माण का काम अब 10 दिन बाद कंस्ट्रक्शन एजेंसी की ओर से शुरू कर दिया जाएगा। पहले इनकी फाउंडेशन तैयार की जाएगी, इसके बाद ब्ल्यूप्रिंट के हिसाब से भवन का ढांचा तैयार होगा।
इन गलियों की डिमांड ग्राम पंचायतों की ओर से पंचायती राज विभाग को भेजी गई थी। जिस पर तकनीकी विंग की टीम ने सर्वेक्षण का काम कराया। इसके बाद ही इन गलियों के निर्माण का अनुमानित बजट का खाका तैयार हुआ था। जिन पर अब पंचायती राज विभाग ने ई-टेंडरिंग के जरिये काम शुरू कराने की तैयारी कर ली है।
जिले में करोड़ों खर्च के बाद भी नहीं बदली प्राचीन जोहड़ों की सूरत
भिवानी जिले में अमृत सरोवर योजना में करीब सौ से अधिक गांवों के प्राचीन जोहड़ों का जीर्णोद्धार किया जाना है। लेकिन जिले में फिलहाल 61 जोहड़ों का अमृत सरोवर योजना के तहत काम शुरू हुआ, मगर अब भी अधिकतर जोहड़ों का काम अधूरा पड़ा है। इन जोहड़ों पर जीर्णोद्धार के लिए जिलेभर में 30 हजार से अधिक मनरेगा जॉब कार्ड भी बने। इसमें जोहड़ में मिट्टी की छंटाई और अन्य कार्य कराए जाने हैं। अमृत सरोवर योजना के तहत कई गांवों में जीर्णोद्धार के काम कराए जाने के बावजूद भी प्राचीन जोहड़ों के हालात नहीं सुधरे हैं। गांव चांग में अमृत सरोवर योजना के तहत जोहड़ का जीर्णोद्धार नहीं हुआ है। वहीं कई ऐसे गांव हैं जहां लाखों का बजट खर्च किए जाने के बावजूद भी नतीजे नहीं मिल रहे हैं। प्रत्येक जोहड़ पर करीब 40 से 60 लाख तो किसी पर एक करोड़ रुपये से अधिक का बजट भी खर्च हो चुका है।
बहल क्षेत्र के गांव चहड़कलां, मंढोली और ओबरा में सामुदायिक केंद्रों के निर्माण कार्य के वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं। इनका 10 दिन बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। इसी के साथ ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर गलियों और चौपाल निर्माण कार्य होंगे। जिन पर जल्द ही टेंडर प्रक्रिया कराकर वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। करीब दो करोड़ की लागत से गली व चौपाल निर्माण के अलावा अन्य विकास कार्य ग्राम पंचायतों में होंगे।
-संभव जैन, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज तकनीकी विंग भिवानी।