भिवानी में प्रेमनगर स्थित चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय का मुख्य गेट।
भिवानी। अब सीबीएलयू में पढ़ने वाली छात्राओं को रहने के लिए हॉस्टल की सुविधा मिलेगी। इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय कैंपस के पुराने भवन में छात्राओं को हॉस्टल की सुविधा दी जाएगी। विश्वविद्यालय स्थापना के लगभग दस साल के बाद छात्राओं को यह सुविधा मिलने जा रही है। हॉस्टल में रहने की इच्छुक छात्राओं को सात दिन के अंदर अपने-अपने संबंधित विभाग में सूचना देने के आदेश दिए गए हैं। छात्राओं की रुचि के हिसाब से विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा हॉस्टल सुविधा शुरू की जाएगी।
दरअसल, सीबीएलयू कैंपस में पढ़ने वाली छात्राएं हॉस्टल के लिए काफी समय से मांग कर रही थी। लेकिन दस वर्षों में अभी तक प्रेम नगर स्थित नए परिसर में केवल दो शैक्षणिक भवन ही तैयार हो पाए हैं। जिसके चलते अन्य शहरों या दूर गांव से सीबीएलयू में पढ़ने के लिए आने वाली छात्राओं को बाहर कमरा या फिर पीजी लेकर रहना पड़ता था। अब विश्वविद्यालय द्वारा छात्राओं की सुविधा के लिए पुराने कैंपस में हॉस्टल की व्यवस्था की है। विश्वविद्यालय द्वारा हॉस्टल में रहने की इच्छुक छात्राओं को सात दिन के अंदर अपने-अपने संबंधित विभाग में सूचना देने के आदेश दिए गए हैं। जिसके बाद छात्राओं की रुचि व संख्या के आधार पर विश्वविद्यालय द्वारा छात्रावास सुविधा आरंभ की जाएगी। संवाद
विश्वविद्यालय द्वारा छात्राओं के लिए हॉस्टल की सुविधा कैंपस के पुराने भवन में दी जाएगी। जो भी छात्रा होस्टल में रहना चाहती है, वह एक सप्ताह के अंदर अपने-अपने विभाग में अपना ब्योरा जमा करवा दे। छात्राओं की रुचि के हिसाब से छात्रावास की जगह निर्धारित की जाएगी।
- प्रो दीप्ति धर्माणी, कुलपति, सीबीएलयू।