भिवानी। अब दस लाख क्विंटल सरसों खरीद का लक्ष्य पूरा होने के बाद हैफेड की सरकारी खरीद बंद हो गई है। सोमवार को भिवानी की चारा मंडी में 1265 किसान 26,783 क्विंटल सरसों लेकर किसान पहुंचे, मगर किसानों के एक दाना की भी सरकारी खरीद नहीं हुई।
भिवानी की चारा मंडी में अब किसानों की सरसों की ढेरियां और उठान के इंतजार में रखी बोरियां ही नजर आ रही हैं। मंगलवार से अब एचडब्ल्यूसी (हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन) के हवाले जिले की चार मुख्य मंडियां रहेंगी। इनमें भिवानी की चारामंडी, सिवानी, बहल और तोशाम मंडी शामिल है। इसके अलावा लोहारू, ढिगावामंडी, जूई मंडी और बवानीखेड़ा मंडी में हैफेड ही किसानों की सरसों की खरीद करेगी। नई आवक के साथ ग्रामीण मंडियों में भी किसानों की सरसों बंपर आवक रही। किसानों के ट्रैक्टरों की मंडियों के बाहर गेट पास के लिए लंबी कतारें भी लगीं। जबकि पहले से ही मंडियों में हजारों क्विंटल सरसों खरीद के इंतजार में पड़ी है।
भिवानी मंडी में अब तक 3,500 किसानों की एक लाख क्विंटल सरसों की सरकारी खरीद हो चुकी है। जबकि 26 हजार 783 क्विंटल की सोमवार को नई आवक भी हुई है। इसके अलावा भिवानी मंडी में ही 50 हजार क्विंटल से अधिक सरसों पहले से पड़ी है। यही हाल ग्रामीण मंडियों का भी है जहां सरसों की बंपर आवक होने से खरीद एजेंसियों की सांसें भी फूल गई हैं और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंडियों में किसानों के लिए अपनी सरसों की फसल उतारने के लिए भी जगह नहीं है। किसान सड़क पर या फिर कच्ची जगह पर ही सरसों उतार रहे हैं।
चारा मंडी में बारदाना हुआ खत्म, भराई का काम रुका
हैफेड की सरकारी खरीद बंद होने के साथ ही बारदाना भी खत्म हो गया है। इसकी वजह से रविवार शाम से ही चारा मंडी में खरीद हो चुकी सरसों की भराई का काम भी रुक गया है। हालांकि सोमवार को हैफेड अधिकारियों ने बारदाना की व्यवस्था करा दी, मगर कई जगह बारदाना की वजह से भी खरीद हो चुकी ढेरियां भी नहीं बोरियों में नहीं भरी गई हैं।
गोदामों में आठ से नौ मंडियों की पहुंच रही सरसों, चार दिन में खाली हो रहीं गाड़ियां
भिवानी से खरीद के बाद सरसों को वेयर हाउस के गोदामों में लगाया जा रहा है। प्रत्येक गोदाम में पांच कर्मचारी कट्टों की परखी से जांच कर रहे हैं। इन प्वाइंटों पर हर गाड़ी को खाली कराने में ही काफी समय लग रहा है। भिवानी से गोदामों पर जा रही गाड़ियाें को खाली कराने में चार दिन लग रहे हैं। आदमपुर, हांसी, लाखनमाजरा के गोदामों में भिवानी की करीब ढाई सौ गाड़ियां खाली होने के लिए चार दिन से फंसी हैं।
हैफेड की खरीद अब पूरी हो गई है। भिवानी, सिवानी, तोशाम और बहल मंडी में एचडब्ल्यूसी की खरीद होगी जबकि जूई, ढिगावा, लोहारू व बवानीखेड़ा मंडी में हैफेड सरसों की खरीद करेगा। अब तक हैफेड करीब आठ हजार किसानों का फसल खरीद का भुगतान करा चुकी है, जबकि उठान के साथ ही किसानों का भुगतान प्रक्रिया जारी है। ढुलाई को लेकर जो व्यवस्था बनाई है उसी हिसाब से मंडियों से उठान कराया जा रहा है।
-संदीप पूनिया, जिला प्रबंधक, हैफेड भिवानी।