भिवानी। अब 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गाें और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश नरवाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता, 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा दी गई है।
इसके अलावा मतदान के समय कोविड-19 से संक्रमित मतदाता पोस्टल बैलेट से मतदान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें फार्म-12 डी अपने बीएलओ को देना होगा। उसके बाद उनको पोस्टल बैलेट जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि पोस्टल बैलेट की श्रेणी में आने वाले हर मतदाता के पास फार्म 12-डी भेजा जाए। इसके बाद डाक के माध्यम से मतदाता अपना मत दे पाएंगे। इस सुविधा से मतदान के लिए बूथ की लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी नरवाल मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव करवाने के लिए जिले में सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप के माध्यम से लोगों को अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए 1950 हेल्प लाइन नंबर जारी किया है, जो 24 घंटे चालू रहेगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव के लिए अधिसूचना 29 अप्रैल सोमवार को जारी की जाएगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, छह मई को नामांकन की अंतिम तारीख है। सात मई को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। नौ मई को प्रत्याशी अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। 25 मई शनिवार को मतदान होगा। चार जून मंगलवार को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लिए महेंद्रगढ़ के डीसी को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी नरवाल ने बताया कि जिला भिवानी के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 16 मार्च 2024 तक कुल 8,66,222 मतदाता हैं, जिनमें से 4,58,472 पुरुष एवं 4,07, 742 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि जिला भिवानी में 912 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चार पिंक बूथ हैं, जो कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक है। जिला भिवानी के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 137 वलनरेबल पोलिंग स्टेशन हैं। उन्होंने बताया कि जिला भिवानी के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 7970 सर्विस मतदाता हैं। चारों विधानसभा क्षेत्रों में 85 वर्ष से अधिक आयु के 13,158 मतदाता हैं, जिनमें 4395 पुरुष 8763 महिला मतदाता हैं।
जिला भिवानी के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 7462 दिव्यांग मतदाता हैं, जिनमें 4977 पुरुष व 2485 महिला मतदाता हैं। जिला भिवानी में 18-19 वर्ष के 15,136 मतदाता हैं, जिनमें 10,563 पुरुष व 4573 महिला मतदाता हैं। भिवानी में मतदान प्रक्रिया सम्पन्न करवाने के लिए 1914 बैलेट यूनिट, 1196 कंट्रोल यूनिट तथा 1292 वीवी पैट हैं जो कि पर्याप्त संख्या में है। मतदान करवाने के लिए 4012 कर्मचारियों ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर चार सहायक खर्च पर्यवेक्षक टीम व चार लेखा निगरानी टीम, 21 वीडियो निगरानी टीम, चार वीडियो वीविंग टीम, 22 फ्लाइंग स्क्वायड टीम हैं। जिला में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि रोकने व वाहनों की तलाशी के लिए विभिन्न स्थानों पर 14 नाके लगाए गए हैं।
-
17 पुलिस नाकों पर रखी जाएगी निगरानी, 2700 सुरक्षा बल रहेंगे तैनात
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों को रोकने व वाहनों की छानबीन के लिए विभिन्न स्थानों पर 17 नाके लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है, उनकी धरपकड़ के लिए राजस्थान की पुलिस के साथ तालमेल बनाकर कार्रवाई की जा रही है। राजस्थान पुलिस अधिकारियों के साथ तीन बैठकें हो चुकी हैं। अपराधियों की सूची भी एक-दूसरे के साथ सांझा कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ने वाहनों की तलाशी लेने के लिए दौरान अभी हाल ही में अब तक 8000 अवैध शराब की पेटी पकड़ी हैं तथा करीब 15 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। राजस्थान के तीन जिलों चुरू, झुंझुनू और हनुमानगढ़ की तरफ से प्रदेश में आने वाले वाहनों पर विशेष नजर है। वाहनों की वीडियोग्राफी की जा रही है। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए 57 पैट्रोलिंग पार्टी लगाई हैं। 37 सर्विलेंस टीम हैं। करीब 2700 सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे।