भिवानी। अब शहर की स्वच्छता पर कचरे का ग्रहण नहीं लगेगा। इसके लिए नगर परिषद ने शहर के अंदर अधिकृत कचरा प्वाइंटों को समेटना शुरू कर दिया है। नगर परिषद ने शहर के अंदर अब 20 बड़े कचरा प्वाइंट बंद करने का निर्णय लिया है, जिसमें इन कचरा प्वाइंटों को बंद करने के साथ ही यहां कूड़ा डालने वालों पर निगरानी के लिए भी कर्मचारी तैनात रहेंगे।
इतना ही नहीं जहां पर नगर परिषद के अधिकृत कचरा प्वाइंट हैं, वहां बड़े डस्टबिन के बाहर कचरा फैलने से भी रोकने की व्यवस्था रहेगी, इसके लिए भी अलग से कर्मचारी वहां काम पर लगाए जाएंगे। नगर परिषद अब शहर के अंदर 10 से कम कचरा प्वाइंट रखने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इसी के तहत जल्द ही 20 कचरा प्वाइंटों पर स्वच्छता का संदेश लोगों को कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक करता दिखाई देगा।
भिवानी नगर परिषद के शहर के अंदर करीब 35 से अधिक अधिकृत सेकेंडरी कचरा प्वाइंट हैं, जहां से रोजाना श्रीश्याम वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी बड़े डस्टबिनों से कचरा उठान कराता है। इन डस्टबिनों पर आसपास के इलाके की सफाई और कूड़ा लाकर डाला जाता है। नगर परिषद पहले ही 20 कचरा प्वाइंटों को बंद करा चुका है। पहले 50 से अधिक कचरा प्वाइंट शहर के अंदर थे। इनमें नगर परिषद ने काफी प्वाइंटों को बंद करा दिया, लेकिन कुछ जगहों पर लोगों ने फिर से कचरा डालना शुरू कर दिया। इसकी वजह से नगर परिषद को भी अपनी रणनीति बदलनी पड़ी।
अब इन जगहों पर कूड़ा डालने से मना करने के लिए स्पेशल कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। ये कर्मचारी दिन के समय यहां कूड़ा डालने वालों पर निगरानी रखेंगे। वहीं कचरा प्वाइंटों को हटाने के साथ ही यहां साफ सफाई कर यहां पर स्वच्छता से जागरुकता संबंधी संदेश और बैठने के लिए भी व्यवस्था कराई जाएगी।
झाड़ू से सफाई के बाद कूड़े के ढेर को कचरा प्वाइंट तक पहुंचाएंगे कर्मचारी
शहर के जिन हिस्सों में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी तैनात हैं, वहां की रोजाना सफाई के बाद जो कूड़ा एकत्रित होगा, उसे कचरा प्वाइंट तक पहुंचाना भी सुनिश्चित किया जाएगा। इस तरह की ढेरियों को ऐसे ही नहीं छोड़ा जाएगा। नगर परिषद कहीं पर भी अनधिकृत प्वाइंट पर कूड़े की बड़ी ढेरी नहीं लगने देगा, इसके लिए कंपनी और नगर परिषद के संयुक्त कर्मचारियों की टीमें शहर में काम करेंगी।
इन हिस्सों के कचरा प्वाइंटों पर कर्मचारी नहीं फैलने देंगे बाहर कचरा
नगर परिषद ने शहर के मुख्य कचरा प्वाइंटों पर कर्मचारियों की ड़्यूटी लगाई है जो डस्टबिन के आसपास कचरा नहीं फैलने देंगे। इसमें भारत नगर, दिनोद गेट वैश्य स्कूल के पास, कृष्णा कॉलोनी मोड, दादरी गेट, नया बाजार, सीआईडी कार्यालय के पास रखें डस्टबिन के पास कर्मचारी कूड़े को इधर-उधर नहीं फैलने देंगे, बल्कि खुद डस्टबिन के अंदर डालेंगे।
ये कचरा प्वाइंट बंद करने की तैयारी
शहर के अंदर काफी प्वाइंटों को नगर परिषद ने चिह्नित कर दिया है, जिन्हें जल्द बंद कराया जाएगा। इनमें बागड़ी मार्केट, भारत नगर, फूला देवी स्कूल, बड़ चौक, नया बाजार सहित करीब 20 कचरा प्वाइंट शामिल हैं, जिन्हें एक-एक कर बंद कराया जाएगा। इन प्वाइंटों पर सुबह से शाम तक एक-एक कर्मचारी भी तैनात रहेगा जो कूड़ा डालने वालों को मना करेगा और उसे निर्धारित जगह पर डालने के लिए भी लोगों को जागरूक करेगा।
शहर के बाहरों और मुख्य जगहों पर टिप्पर ऑटो पहुंचेंगे
जिन हिस्सों में कचरा प्वाइंट बंद होंगे, उन इलाकों में डोर-टू-डोर कचरा उठान करने और मुख्य जगहों से कूड़े को एकत्रित करने के लिए टिप्पर ऑटो भी पहुंचेंगे। इसके लिए उन इलाकों में टिप्पर ऑटो को खास रूट दिए जाएंगे। वहीं शहर के बाजारों में भी शाम के समय टिप्पर ऑटो पहुंच रहे हैं जो दुकानदारों से कूड़ा एकत्रित कर डंपिंग प्वाइंट तक पहुंचा रहे हैं।
नगर परिषद ने शहर के अंदर दूसरे फेज में 20 कचरा प्वाइंटों को बंद करने का निर्णय लिया है, जबकि पहले फेज में 20 कचरा प्वाइंट पहले ही बंद किए जा चुके हैं। नगर परिषद का लक्ष्य शहर के अंदर 10 से नीचे ही कचरा प्वाइंट रखने और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का है। जिन हिस्सों में कचरा प्वाइंट बंद होंगे वहां पर एक-एक कर्मचारी भी तैनात रहेगा जो लोगों को यहां कूड़ा डालने से मना करेगा। जिन हिस्सों में कचरा प्वाइंट पहले बंद किए थे, उनमें कुछ जगहों पर अब फिर से कचरा डाला जा रहा है। वहां पर भी कर्मचारी निगरानी के लिए तैनात रहेंगे।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयर पर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।