भिवानी। शहरवासियों को अब जल्द ही टूटी गलियों से निजात मिल जाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने तीन चरण में शहरी वार्डों की करीब 125 गलियों के जीर्णोंद्धार के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। प्रत्येक चरण में दस वार्डों को शामिल किया जाएगा। इनके अंदर चिह्नित गलियों का निर्माण कराया जाएगा। इससे शहर की करीब साढ़े चार लाख की आबादी को फायदा होगा। लंबे अर्से से खस्ताहाल गलियां शहरवासियों के लिए परेशानी बनी हैं। अधिकतर गलियां ब्लॉक से बनी हैं, जिनमें सही लेवल नहीं होना भी बड़ी समस्या है। नई गलियों के लेवल और गुणवत्ता को लेकर भी कई बार सवाल खड़े हो चुके हैं। यही वजह है कि कुछ अर्से पहले बनी गलियां भी खस्ताहाल हो गई हैं।
नगर परिषद भिवानी के 31 वार्डों में करीब 125 गलियों की पहचान हुई हैं, जिनका जीर्णोंद्धार भी कराया जाएगा। ये गलियां लंबे अर्से से खस्ताहाल पड़ी थी। नगर परिषद ने शहर के सभी वार्डों में गली निर्माण के लिए तीन चरण में काम शुरू कराने का खाका भी तैयार किया है। पहले चरण में वार्ड नंबर एक से वार्ड दस तक की खस्ताहाल गलियों का जीर्णोंद्धार कराया जाएगा। पहले चरण के काम को पूरा होने के बाद ही दूसरे चरण के वार्डों में गली जीर्णोंद्धार का काम शुरू होगा। दूसरे चरण में वार्ड 11 से 20 को चिह्नित किया है। इसमें खस्ताहाल गलियों की पहचान की गई हैं। तीसरे चरण में वार्ड 21 से 31 तक खस्ताहाल गलियों का जीर्णोंद्धार का काम कराया जाएगा।
शहर के इन हिस्सों में हैं खस्ताहाल गलियां
शहर के अमर नगर टिब्बा बस्ती, पटेल नगर, विजय नगर, हनुमान गेट, हनुमान ढाणी, पीपलीवाली जोहड़ी, विद्या नगर, दादरी गेट, जैन चौक क्षेत्र के अलावा शहर के अंदरूनी हिस्सों की सभी कॉलोनियों में गलियां खस्ताहाल हैं। इन गलियों का निर्माण करीब दस साल पहले कराया गया था। इसके बाद अब इन्हें नए सिरे से बनाए जाने की दरकार है।
गलियों का नहीं लेवल, पानी निकासी की भी नहीं कोई प्रबंध
कुछ अर्से पहले जिन गलियों का निर्माण कराया गया था, उनमें भी लेवल सही नहीं होने की समस्या बनी हैं। इसकी वजह से बारिश के दौरान पानी की निकासी की भी कोई व्यवस्था तक नहीं है। इन गलियों के निर्माण में पर्याप्त सामग्री इस्तेमाल भी नहीं किए जाने के आरोप कॉलोनी के लोगों ने लगाए थे, मगर शिकायतों पर भी कोई सुनवाई तक नहीं हुई थी। अब इन गलियों को भी नए सिरे से लेवल के हिसाब से बनाए जाने की मांग उठ रही है।
नगर परिषद के सभी वार्डों में गलियों के जीर्णोंद्धार के लिए चिह्नित किए जाने के बाद टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया के बाद इन गलियों के जीर्णोंद्धार की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि जहां पर लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हैं, उन गलियों को प्राथमिकता से बनाया जाएगा।
- भवानी प्रताप सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।