भिवानी। हैफेड अब जिले की 11 मंडियों में 11 और 12 मई को दो दिन किसानों की सरसों की सरकारी खरीद करेगा। हैफेड ने दो दिन सरसों खरीद का शेड्यूल जारी किया है। इस दौरान बचे हुए किसान अपनी सरसों को एमएसपी पर सरकार को बेच सकेंगे।
अब तक हैफेड जिलेभर में करीब डेढ़ लाख टन सरसों की सरकारी खरीद कर चुका है। हैफेड ने 30 अप्रैल के बाद सरसों की सरकारी खरीद बंद कर दी थी। इसको लेकर काफी किसानों की सरसों बिक्री नहीं हो पाई थी। वहीं 30 अप्रैल से पहले मंडी में सरसों की फसल लाकर गेट पास कटवा चुके किसानों की भी करीब 50 हजार क्विंटल सरसों की उपायुक्त के आदेश पर फिजिकल वेरिफिकेशन कराई गई थी। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही उन किसानों से सरसों खरीद हुई। लेकिन अभी भी जिले में काफी किसान हैं, जो अभी तक अपनी सरसों या तो मौसम खराब होने की वजह से नहीं बेच पाए या फिर वे मार्केट भाव चढ़ने का इंतजार कर रहे थे। इस वजह से सरसों नहीं बेची। अब ऐसे किसान भी 11 और 12 मई दो दिन मंडियों में अपनी सरसों को एमएसपी पर सरकार को बेच पाएंगे।
खरीद हो चुकी फसल का तेजी से हो रहा उठान
सरसों की खरीद बंद होने और गेहूं की आवक कम होने के बाद अब मंडियों से सरसों और गेहूं का उठान भी तेजी से हो रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने एक बार फिर से मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। इससे आशंकित अधिकारी मंडियों से खरीद हो चुके गेंहू और सरसों का उठान तेजी से कराने में लगे हैं। हालांकि अभी भी मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद हो रही है। इसकी वजह से मंडियों में अभी भी हजारों क्विंटल गेहूं और सरसों पड़ी है।
हैफेड ने 11 और 12 मई को दो दिन मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद का शेड्यूल जारी किया है। जिन किसानों ने ई पोर्टल पर अपनी फसल का रजिस्ट्रेशन कराया हुआ है वे किसान अपनी सरसों की एमएसपी पर बिक्री कर सकते हैं। फिलहाल खरीद हो चुकी सरसों का उठान तेजी से कराया जा रहा है।
-राजेंद्र सिंह, जिला प्रबंधक हैफेड भिवानी।