भिवानी। जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। जिले में कहीं बारिश हुई है तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इन दिनों सरसों की फसल की कटाई जारी है और गेहूं की फसल पकाव पर है। ऐसे में बारिश के कारण सरसों की फसल काली व खलिहानों में खराब हो रही है और और गेहूं की फसल जमीन पर बिछ रही है, जिसके कारण किसानों की चिंता बढ़ रही है।
वीरवार को कैरू, देवराला, चांग, खरक, लोहारू, बवानीखेड़ा, भिवानी, तोशाम सहित जिले के अधिकतर क्षेत्र में बारिश व बूंदाबांदी हुई है। वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री से लुढ़कर 29.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री से बढ़कर 17.9 दर्ज हुआ। वहीं खेती के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी बारिश नुकसानदायक साबित हो रही है।
क्षेत्र में शाम को हुई बारिश, गेहूं और सरसों की फसल में नुकसान
कैरू। गांव देवराला क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बिगड़ रहे मौसम के मिजाज के साथ बूंदाबांदी किसानों के अरमानों पर पानी फेर रही है। बारिश के साथ चल रही तेज हवाओं का दौर खेतों में पककर तैयार हो चुकी फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा। नतीजा, फसलें खेतों में नीचे बिछ रही है।
किसानों का कहना है कि मौसम से फसलों की पैदावार तो प्रभावित होगी साथ में भारी नुकसान भी हो सकता है। वीरवार शाम को देवराला, इंदीवाली, लालावास, पोहकरवास, ढाबढाणी, कैरू, जूई क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई। किसान मांगेराम, रोशन लाल, मातूराम पायल, जयभगवान यादव, सुरेश यादव, रमेश कुमार, बलबीर पूर्व पंच आदि ने कहा कि बरसात के कारण खलिहान मेें रखी सरसों पूरी तरह तबाह हो चुकी है। खेतों में अभी तक बरसाती पानी जमीन में नम है। पीड़ित किसानों ने प्रदेश सरकार से बरसात के कारण खराब फसलों की गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
लोहारू और आसपास के इलाके में दोपहर बाद बरसात, किसान चिंतित
लोहारू। क्षेत्र में वीरवार को एक बार फिर मौसम विभाग के पूर्व अनुमान अनुसार दोपहर बाद झमाझम बरसात हुई। पिछले सप्ताह भी इलाके में मौसम परिवर्तन के साथ बरसात हुई थी, जिससे किसानों की रबी सीजन की फसल कटाई प्रभावित होने के साथ-साथ बरसात ने फसलों को भी काफी प्रभावित किया था। किसानों का कहना है कि खेतों में गेहूं, जौ, सरसों व चना आदि फसलें पककर तैयार खड़ी हैं और कई किसानों ने कटाई और कढाई का काम शुरू कर रखा है। ऐसे में यह बरसात किसानों की फसल को प्रभावित कर सकती है। उधर लोहारू शहर में बरसात के बाद सड़के पानी से तरबतर हो गई और सब्जी जैसे क्षेत्र में बरसात के कारण कीचड़ जैसा माहौल बन गया। जिससे पैदल राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।