भिवानी। गांव कैरू में किसी हत्यारे ने वीरवार रात को अपने घर के बरामदे में सोती बुजुर्ग महिला पाना (65) की सिर पर वार कर हत्या कर दी। महिला के परिजन जब सुबह सोकर उठे तो उन्हें इस घटना का पता चला। फिर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले के संबंध में जांच की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या में केस दर्ज कर लिया है।
वृद्ध मृत महिला पाना के परिजनों ने बताया कि उसकी पांच संतानें है। तीन लड़की और दो लड़के हैं। सभी शादीशुदा हैं। पाना अपने बेटे कृष्ण के साथ कैरू में रहती थी। उसका दूसरा बेटा अनिल जयपुर में काम करता है। वीरवार रात को पाना घर के बरामदे में सो रही थी। रात करीब 11 बजे तक परिजनों ने पाना के साथ बातचीत की। सुबह जब परिजन उठे तो पाना चारपाई पर मृत मिली। पाना के सिर पर वार किया गया था, जिससे खून निकल रहा था। सिर पर वार किस चीज से किया गया था इस बारे में पुष्टि नहीं हो पाई। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और सबूत जुटाने के लिए अपनी अन्य टीम को बुलाया। शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
किसने की हत्या?
परिजनों ने बताया कि पाना शांत स्वभाव की महिला थी। उसका किसी के साथ झगड़ा भी सुनने में नहीं आया। परिजनों के मन में यहीं सवाल घूम रहा है कि आखिर क्यों पाना की हत्या की गई? फिलहाल पुलिस इस मामले में मृतका की बेटी के बयान पर हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
गांव कैरू में घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला की अज्ञात ने सिर पर चोट मारकर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतका की बेटी सुमन के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अपनी जांच में जुट गई है।
-सुखबीर जाखड़, प्रभारी, तोशाम पुलिस थाना, भिवानी।