सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य को मांग पत्र सौंपते एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारी।
भिवानी। सरकार की ओर से लंबित मांगों को लेकर की जा रही अनदेखी के खिलाफ हरियाणा एमपीएचडब्ल्यू वर्ग ने काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी की। साथ ही सरकार के रवैये के खिलाफ रोष जताकर सिविल सर्जन के माध्यम से मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। राज्य संयोजक लाजवंती बेवाल व महासचिव हरिनिवास ने बताया कि एमपीएचडब्ल्यू वर्ग की मांगे सहमति के बावजूद विभागीय कार्यवाही में उलझी हुई है।
बार-बार आश्वासन के बावजूद मांगों की अधिसूचना जारी नहीं की जा रही। इससे प्रदेश भर में एमपीएचडब्ल्यू वर्ग में रोष व्याप्त है। कैडर की मुख्य मांगों में एमपीएचडब्ल्यू वर्ग के पदनाम संशोधित करने, एनएचएम की महिला एमपीएचडब्ल्यू को कैडर के मूल वेतनमान 4200 ग्रेड और भत्तों का लाभ देने, रेगुलराइज पॉलिसी में शामिल करने, प्रमोशन सूचियां जारी करवाने, प्रमोशनल पे स्केल जारी करना शामिल हैं। राज्य संयोजक लाजवंती बेवाल ने मांगों पर ध्यान न देने के चलते काले बिल्ले लगा कर ड्यूटी करते हुए सीएमओ को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते मांगों का हल नहीं किया तो प्रदेश के एमपीएचडब्ल्यू वर्ग के कर्मचारी 4 अगस्त को करनाल में मुख्यमंत्री आवास पर रोष प्रदर्शन करेंगे।