हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 504 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की स्थिति पर नजर डालें तो हिसार जिले में सबसे अधिक 45 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 27,191 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
ये परीक्षार्थी देंगे तीनों लेवल की एचटेट
तीन दिसंबर की शाम की शिफ्ट में लेवल-3 के 95493 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जबकि चार दिसंबर की सुबह की शिफ्ट में लेवल-2 की परीक्षा में एक लाख 49 हजार 430 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे। शाम की शिफ्ट में लेवल-1 की परीक्षा के लिए 60,794 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। तीनों स्तर की परीक्षा में प्रदेशभर में तीन लाख पांच हजार 717 परीक्षार्थी एचटेट देंगे। इसमें दो लाख 18 हजार 33 महिलाएं परीक्षा देंगी। वहीं, 87,678 पुरुष व छह ट्रांसजेंडर परीक्षा देंगे।
पीआरटी लेवल-1 की परीक्षा में 42, 888 महिलाएं व 17904 पुरुष एवं दो ट्रांसजेंडर परीक्षा देंगे। टीजीटी लेवल-2 की परीक्षा में एक लाख सात हजार 40 महिलाएं व 42,387 पुरुष और तीन ट्रांसजेंडर परीक्षा में बैठेंगे। वहीं, पीजीटी लेवल-3 की परीक्षा में 68105 महिलाएं व 27,387 पुरुष और एक ट्रांसजेंडर परीक्षा देगा। लेवल-3 की परीक्षा के लिए 327 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि लेवल-2 की परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 504 परीक्षा केंद्र हैं। लेवल-1 की परीक्षा के लिए 215 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
एचटेट के लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। तीन दिसंबर की शाम को लेवल-3 की परीक्षा होगी, जबकि चार दिसंबर की सुबह लेवल-2 और शाम को लेवल-1 की परीक्षा होगी। प्रदेशभर में परीक्षा केंद्रों का गठन करा वहां पर परीक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम हो चुके हैं। - डॉ. वेदप्रकाश यादव, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।