भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में उपचार के दौरान चाय दुकानदार की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए है। वहीं परिजनों ने दो घंटे तक अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस प्रभारी हरिओम अपनी टीम सहित जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को शांत किया और जिसके बाद मामले में आगामी कार्रवाई शुरू की।
मामला शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का है। न्यू हाउसिंग बोर्ड निवासी राजेश कुमार ने बताया कि उसका बड़ा भाई 47 वर्षीय विक्रम पुराना बस स्टैंड पर चाय दुकानदार था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे उसके भाई विक्रम की अचानक की तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर वे उसे उपचार के लिए चिड़ियाघर मोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उनकी हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर गए। राजेेश कुमार ने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे तो स्टाफ ने उन्हें टूटी व्हीलचेयर दी। जब उन्होंने नई व्हील चेयर देने को कहा तो उनके साथ बहस करने लगे। इसके बाद परिजन विक्रम को आपातकालीन विभाग लेकर गए, जहां चिकित्सक ने उसके स्वास्थ्य की जांच की और जरूरी टेस्ट भी करवाएं। राजेश ने बताया कि अचानक ही करीब एक बजे विक्रम की हालत ज्यादा बिगड़ गई, जिस पर चिकित्सक उसे आईसीयू में तो ले गए मगर ठीक से उपचार नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सक व स्टाफ ने विक्रम को ऑक्सीजन मास्क तो लगा दिया मगर पांच से सात मिनट तक ऑक्सीजन ऑन नहीं की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। विक्रम की मौत के बाद परिजनों ने आपातकालीन विभाग में हंगामा किया। फिर पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद वे शांत हुए।
-----
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
विक्रम पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में चाय बेचने का काम करता था। वह तीन बच्चों, दो बेटियों व एक बेटे का पिता था। राजेश ने बताया कि विक्रम का बेटी नेहा और ईशा कॉलेज की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि छोटा बेटा गौरव 10वीं कक्षा में पढ़ता है। अचानक से हुई घटना की वजह से तीन मासूमों से पिता का साया उठा गया।
--------
अस्पताल की वीडियो वायरल
अस्पताल के आपातकालीन विभाग में बने आईसीयू में चिकित्सक स्टाफ के साथ मिलकर विक्रम का उपचार कर रहे हैं। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। वीडियो में परिजन अस्पताल स्टाफ पर उपचार के दौरान लापरवाही बरतनें और उपचार के लिए आवश्यक उपकरणों के खराब होने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं स्टाफ सदस्य उनके वीडियो बनाने का विरोध कर रहे हैं।
------
मामले की सूचना मिलने पर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां विक्रम की मौत की सूचना भी मिली। अभी परिजनों ने इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। जो भी शिकायत मिलेगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- हरिओम, प्रभारी, शहर थाना पुलिस।