नागरिक अस्पताल की ओपीडी में स्थित बाथरूम में लगा ताला।
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में पुरुष शौचालय पर ताला जड़ा है, ऐसे में ओपीडी में आने वाले मरीज शौच के लिए भी इधर-उधर भटकते रहे।
दरअसल ओपीडी में एक पुरुष और एक महिला शौचालय है। इसमें पुरुष शौचालय को अचानक ही बंद कर दिया है। उसके बाहर संदेश भी लगाया है। लेकिन मरीज शौचालय सुविधा नहीं होने पर वार्डों में भटक रहे हैं। वहीं अस्पताल प्रशासन की माने तो ओपीडी के कई हिस्सों में छत से मलवा गिर रहा है।
शौचालय के अंदर भी करीब तीन दिन पहले इसी तरह मलवा गिर गया था, जिसमें कोई मरीज चोटिल तो नहीं हुआ, लेकिन इस शौचालय को एहतियातन बंद कर दिया गया। इस शौचालय के बंद होने से ओपीडी में पुरुष मरीजों के लिए शौचालय की कोई सुविधा नहीं बची। जबकि आपात विभाग में भी शौचालय भी सिर्फ एक ही शौचालय है, जिसे इमरजेंसी वार्ड में दाखिल मरीजों के लिए ही इस्तेमाल किया जा रहा है।
ऐसे में मरीज शौचालय की तलाश में वार्डों तक भटकते रहे। जबकि कई लोगों को तो अस्पताल परिसर से बाहर सार्वजनिक शौचालय में जाना पड़ा। लेकिन वहां पर भी काम चलने की वजह से इन्हें इस्तेमाल के लिए बंद किया हुआ है।
ओपीडी के शौचालय में छत से मलवा गिरा है। इसकी वजह से इसे बंद करा दिया है ताकि कोई मरीज चोटिल न हो जाए। इस पर काम चल रहा है, छत दुरुस्त होते ही इसे खोल दिया जाएगा।
-डॉ. दशरथ राव, कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी, भिवानी।