भिवानी। आईफोन को ऑफर में खरीदने के चक्कर में एक व्यक्ति 2.10 लाख रुपये गंवा बैठा। पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का तब पता चला जब उसे न तो फोन मिला और न ही रुपये वापस। इस संबंध में पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस में शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और इस मामले में आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सुरपुरा खुर्द निवासी मुकेश ने बताया कि उसके पास गत 11 जनवरी को एक कॉल आई। फोन कॉल पर उसे बताया गया कि उसके फोन पर ऑफर है। इसके बाद उसे एक वेबसाइट के बारे में बताया। गत 15 जनवरी को उसने वेबसाइट पर जाकर आईफोन सेलेक्ट किया। इसके बाद अगले दिन उसी नंबर से उसके पास फोन आया। इसमें उसे बताया कि आपका फोन बुक हो चुका है। इसके संबंध में आपको जीएसटी चार्ज देना होगा। उक्त व्यक्ति के झांसे में आकर उसने दी गई यूपीआई आईडी पर 7199 रुपये भेज दिए। इसके बाद फिर से विभिन्न चार्जेंज बताकर उसके 16 जनवरी से 27 जनवरी के बीच दो लाख दस हजार 641 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब उसे न तो फोन मिला और न ही रुपये तो उसे अपने आप के साथ ठगी होने के बारे में पता चला। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है और अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है।