लोहारू। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि सरकार महिलाओं को स्वावलंबी, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए वचनबद्ध है। कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल बुधवार को महिला दिवस के उपलक्ष्य में लोहारू और सिवानी के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में लखपति दीदी महासम्मेलन कार्यक्रम को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। इस अवसर पर एसडीएम अमित कुमार, डीएसपी अशोक कुमार, बीडीपीओ धर्मपाल, बीईओ विजय प्रभा, जिला परिषद वाइस चेयरपर्सन सुनीता जांगड़ा, भाजपा महिला नेत्री बबिता आदि मौजूद थे।
पहाड़ी व नकीपुर में पेयजल आपूर्ति के लिए 8.5 करोड़ की लागत से बनेगा जलघर
कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि गांव पहाड़ी तथा नकीपुर में स्वच्छ पेयजल के लिए 8.5 करोड़ रुपये की लागत से जलघर का निर्माण करवाया जाएगा। कृषि मंत्री ने नारियल फोड़कर 8.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले जलघर के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी तथा नकीपुर के लोगों को 70 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन स्वच्छ पेयजल मिलेगा। निर्धारित समय अवधि ने यह जलघर बनकर तैयार हो जाएगा। इससे पहले कृषि मंत्री ने पहाड़ी गोशाला में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
लोहारू की सब्जी मंडी के निर्माण पर 7.5 करोड रुपये की राशि खर्च की जाएगी : कृषि मंत्री
कृषि मंत्री दलाल ने लोहारू में सब्जी मंडी के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस सब्जी मंडी के निर्माण पर 7.5 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। छह महीने में यह सब्जी मंडी बनकर तैयार हो जाएगी। इस सब्जी मंडी के निर्माण होने से किसानों को अपनी सब्जी की फसल को बेचने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सभी सुविधा किसानों को मंडी में प्रदान की जाएगी।