भिवानी। घर से साथी के साथ ट्रैक्टर पर मजदूरी के लिए निकले एक व्यक्ति की ट्रॉली से कुचल जाने के कारण मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जीतू वाला जोहड़ निवासी जयसिंह के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतक के भाई ने पुलिस को ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत दी है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने औद्योगिक पुलिस थाना में आरोपी पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई धनपत सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से काकड़ौली हुक्मी का रहने वाला है। पिछले करीब 15 साल से वह और उसका छोटा भाई जयसिंह भिवानी में रह रहे थे। उसका भाई जयसिंह शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे सिटी स्टेशन निवासी लाल सिंह के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर मजदूरी करने के लिए गया था। शनिवार को उसे सूचना मिली कि उसके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उसने सड़क दुर्घटना के कारण के बारे में पता लगाया तो उसे मालूम हुआ कि ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसके भाई को ट्रैक्टर से नीचे गिरा दिया। इसके कारण ट्राॅली का टायर जयसिंह को कुचलते हुए निकल गया। राहगीरों की मदद से जब जयसिंह को अस्पताल में पहुंचाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच अधिकारी एसआई रोहताश सिंह ने बताया कि इस मामले में शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।