भिवानी। हांसी-भिवानी मार्ग पर पिकअप की टक्कर से प्रवासी मजदूर विनेश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया। लेकिन मृतक के परिजनों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी से पहले पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। कुछ घंटों के लिए परिजनों का हंगामा जारी रहा। सदर थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने मौके पर पहुंच परिजनों को आरोपी की जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और समझाया। इसके बाद मृतक के परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हुए।
मृतक विनेश बिहार के गगड़िया जिले के बहादुरपुर क्षेत्र का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के बेटे अमित की शिकायत पर पिकअप गाड़ी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर आगामी कार्रवाई में जुट गई। पुलिस को दी शिकायत में मृतक के बेटे अमित ने बताया कि वह अपने पिता व अन्य व्यक्ति मुकेश के साथ मजदूरी करने के लिए गांव तिगड़ाना गए थे। शुक्रवार शाम को करीब छह बजे वे तिगड़ाना से मजदूरी करके भिवानी अपने हाल निवास भारत नगर आ रहे थे। जब वे हांसी रोड पर स्थित केसीएम स्कूल के समीप पहुंचे तो तिगड़ाना मोड़ की तरफ से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उसके पिता को पीछे से टक्कर मार दी। इसके कारण उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने राहगीरों की मदद से अपने पिता को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया था। शनिवार को जब पुलिस पोस्टमार्टम कार्रवाई करने लगी तो परिजनों ने पिकअप चालक की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा कर दिया। हंगामे के बाद ही दोपहर करीब दो बजे शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
परिजनों ने बताया कि विनेश के चार बच्चे हैं। विनेश करीब दस साल पहले भिवानी आया था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन करता था। कानूनी प्रक्रिया से अनजान परिजनों ने पुलिस से ही मुआवजा की मांग कर डाली। पुलिस ने उन्हें प्रक्रिया के बारे में समझाया जब जाकर पोस्टमार्टम कार्रवाई आगे बढ़ी।
मृतक के बेटे अमित के बयान पर पोस्टमार्टम कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में पिकअप चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- संजय कुमार, जांच अधिकारी, सदर थाना भिवानी।