भिवानी। गांव मालपोश के जलघर पर कौशल रोजगार के तहत लगे पंप ऑपरेटर की बिजली गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। बौंदकलां पुलिस ने शव का शुक्रवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं मृतक के चचेरे भाई के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है।
गांव मालपोश निवासी 39 वर्षीय अशोक गांव के ही जलघर पर कौशल रोजगार के तहत बतौर पंप ऑपरेटर काम कर रहा था। वीरवार शाम को बारिश हो रही थी। इसी दौरान वह गांव में पानी की आपूर्ति को चला रहा था कि उस पर अचानक बिजली गिर गई। जिसकी वजह से वह बुरी तरह झुलस गया। ग्रामीणों ने उसे संभाला और उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी बौंदकलां पुलिस थाना में दी।
बौंदकलां पुलिस थाना के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई नरवीर के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। मृतक अशोक दो बच्चों का पिता था। उसका बड़ा लड़का 19 और छोटा बेटा 16 साल का है।