भिवानी। गांव कुड़ल में एक आशा वर्कर के बंद मकान के ताले चटकाकर चोर आभूषणों व अन्य सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरी की इस वारदात की सूचना महिला को मिली तो वह मायके से वापस घर लौटी। जूई कलां पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव कुड़ल निवासी पूनम ने बताया कि वह आशा वर्कर के पद पर कार्यरत है। गत 18 जून को वह अपने बच्चों के साथ अपने मायके कुंगड़ गई हुई थी। वीरवार को उसकी बहन शीला ने उसे बताया कि उसके घर के ताले टूटे पड़े हैं। इस पर वह घर लौटी तो पता चला कि एक एलईडी, गले का लॉकेट, कान के टॉपस व जरूरी कागजात और कपड़े चोरी हो चुके हैं। इस संबंध में पुलिस ने पूनम की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
मुंढाल कलां में घर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार
भिवानी। थाना सदर पुलिस ने घर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मुंढाल कलां निवासी नजीर के रूप में हुई है।
मुंढाल कलां निवासी पवन ने थाना सदर पुलिस को एक शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस को दी शिकायत में पवन ने बताया कि 17 जून की रात को उसने उसके मकान के बाहर गली में अपनी मोटरसाइकिल को खड़े किया था। जो अगले दिन सुबह देखने पर पाया की मोटरसाइकिल को चोर चोरी करके ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए वीरवार को थाना सदर के अंतर्गत पुलिस चौकी मुंढाल कला के सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार ने घर के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को मुंढाल कला से गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए उसने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम दिया था आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।