भिवानी। स्वच्छता सर्वेक्षण की रिपोर्ट आने के बाद नगर परिषद ने शहर में सफाई व्यवस्था पर खास ध्यान दिया है। इसी को लेकर शुक्रवार को नगर परिषद चेयर पर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप ने वार्ड 29 में निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था जांची। इस दौरान खुला नाला बंद मिला। इसके बाद मौके पर जेसीबी बुलाकर नाले की खोदाई शुरू कराकर उसे दुरुस्त कराने का काम भी शुरू कराया।
भवानी प्रताप ने कुछ दिन पहले भी औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था जांची थी, जिस दौरान खामियों को दूर करने की भी हिदायतें दी थीं। नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने बताया कि सभी वार्डों का निरीक्षण किया जाएगा। जिन वार्डों की सफाई बेहतरीन पाई गई उन इलाकों के दरोगाओं को इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। बेहतरीन सफाई वाले वार्डों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणियां बनाई जाएंगी। उसी हिसाब से सभी को इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा, ताकि अन्य वार्डों के सफाई दरोगा भी प्रोत्साहित हो सके। वहीं जिन वार्डों की सफाई सही नहीं मिली तो उन वार्डों के सफाई दरोगाओं के खिलाफ कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान नप चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह नप के अधिकारियों के साथ सराय चौपटा में पहुंचे तो वहां के दुकानदारों ने नाला अवरूद्ध होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि नाले का गंदा पानी सड़क पर फैल रही है। नप चेयरपर्सन प्रतिनिधि ने तत्काल जेसीबी मशीन बुलाई और नाले को खुलवाने का कार्य शुरू करवाया। जब तक नाले का कार्य पूरा नहीं हुआ। तब तक भवानी प्रताप सिंह वहीं पर बैठे रहे। इस दौरान एक दुकानदारों ने ओर भी समस्याएं बताईं। इनका मौके पर ही समाधान करवा दिया गया। इस मौके पर पार्षद मदन, सुदामा, पार्षद मनोज खनगवाल, संदीप तंवर, सफाई निरीक्षण विकास देशवाल, पदम जैन, सुनील चौहान के अलावा अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।