भिवानी। आईटीआई पास विद्यार्थियों को भारतीय सेना में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होने में अतिरिक्त अंक प्रदान किए जा रहे हैं। भर्ती में अतिरिक्त अंक प्रदान करने का मापदंड विद्यार्थी के द्वारा आईटीआई से किए गए कोर्स पर निर्भर करता है।
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती किए जा रहे अग्निवीर की मेरिट सूची में आईटीआई से किए गए कोर्सों के 20 से लेकर 40 अंक प्रदान किए जा रहे हैं। जोकि किसी भी युवा के चयन में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अगर किसी दसवीं पास विद्यार्थी ने आईटीआई से दो वर्ष का कोर्स किया है तो उस विद्यार्थी को अग्निवीर मेरिट सूची में 20 अंक अतिरिक्त प्रदान किए जाएंगे। इसी प्रकार कोई 12वीं पास विद्यार्थी आईटीआई से एक वर्षीय कोर्स करता है तो उसको अग्निवीर मेरिट सूची में 30 अंक अतिरिक्त दिए जाते हैं। वहीं, अगर कोई 12वीं पास विद्यार्थी आईटीआई से दो वर्षीय कोर्स करता है तो उसको मेरिट सूची में पूरे 40 अंक अतिरिक्त दिए जाते हैं। बता दें भारतीय सेना में बतौर अग्निवीर भर्ती होने के लिए न्यूनतम आयु साढ़े 17 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु 21 वर्ष से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
आईटीआई के साथ 10वीं और 12वीं का भी मिल रहा सर्टिफिकेट
जो विद्यार्थी दसवीं के बाद आईटीआई का दो वर्ष का कोर्स करते हैं, उनको हरियाणा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली 12वीं की परीक्षा का हिंदी या अंग्रेजी भाषा का पेपर पास करने पर 12वीं पास के समकक्ष प्रमाण पत्र दिया जाता है। इसी प्रकार जिस विद्यार्थी ने दसवीं के बाद एक वर्षीय कोर्स किया है, ऐसे विद्यार्थियों को एक साल का प्रशिक्षुता प्रमाण पत्र को शामिल करते हुए एचबीएसई की 12वीं की परीक्षा का हिंदी या अंग्रेजी विषय की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर भी 12वीं पास के समकक्ष प्रमाण पत्र दिया जाता है। वहीं, दसवीं और आठवीं के आधार पर आईटीआई से कोर्स करने वाले विद्यार्थियों को दसवीं पास के समकक्ष प्रमाण पत्र हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदान किया जाता है।