भिवानी। शहर के पॉश इलाके सेक्टर 13 और 23 में लंबे अर्से से टूटी पड़ी खस्ताहाल सड़कों की हालत जल्द सुधरेगी। नगर परिषद ने दोनों सेक्टरों की टूटी सड़कों की रिपेयरिंग का काम शुरू कराया है। इससे सेक्टरों में रहने वाली करीब 35 हजार की आबादी को टूटी सड़कों पर हिचकोलों से निजात मिल जाएगी। नगर परिषद की हद में आने वाले सभी वार्डों में करीब 100 से अधिक खस्ताहाल सड़कों की भी पहचान हुई हैं, जिनकी हालत सुधार के लिए नगर परिषद अधिकारी एस्टीमेट बनाने में जुटे हैं। इसे चरणबद्ध तरीके से नगर परिषद अब दुरुस्त कराने के लिए कदम उठाएगा।
शहर के सेक्टर 13 और 23 की मुख्य सड़कें लंबे अर्से से बदहाल पड़ी हैं। इन सड़कों पर बारिश के बाद गहरे गड्ढे बने हैं, जिनमें हादसों की भी संभावना बनी रहती है। टूटी सड़कों पर बिखरी रोड़ियों से फिसलकर कई सेक्टरवासी भी चोटिल हो चुके है। वहीं सेक्टरों की एसोसिएशन ने भी इस मुद्दे जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी उठाया था। इसके बाद नगर परिषद ने सेक्टर की खस्ताहाल सड़कों के सुधार के लिए नगर परिषद सदन की बैठक में प्रस्ताव पास कर एस्टीमेट तैयार कराया। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कराकर अब ठेकेदार को सेक्टर की सड़कों की रिपेयरिंग का काम अलाट कर दिया है। सेक्टर में मुख्य सड़कों पर बने गड्ढों को पेचवर्क से भरा जाएगा। शहर के दोनों सेक्टरों में सड़कों और गलियों के रखरखाव का जिम्मा नगर परिषद का है। जबकि सेक्टर में पेयजल सुविधा व अन्य व्यवस्थाएं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कंधों पर हैं। शहर का पॉश इलाका होने के बावजूद यहां लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिनको लेकर सेक्टरवासी और सेक्टरों के जनसंगठन भी आवाज उठा प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं।
पहले चरण में ज्यादा खस्ताहाल सड़कों का होगा सुधार
नगर परिषद ने पहले चरण में शहर के अंदर सबसे ज्यादा खस्ताहाल सड़कों की हालत सुधारने का कदम उठाया है। इसमें सेक्टर 13 और 23 की अधिकतर सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा दूसरे और तीसरे चरण में शहरी वार्डों के अंदर खस्ताहाल सड़कों की हालत सुधारी जाएगी। इसके लिए 100 से अधिक खस्ताहाल सड़कों को भी चिह्नित किया जा चुका है। इनके एस्टीमेट तैयार हो रहे हैं। इन सड़कों को बाद में सुधारा जाएगा।
पार्षदों की निगरानी में होगा काम
वार्ड नंबर एक से पार्षद सूर्या तंवर और वार्ड दो से पार्षद संदीप तंवर ने बताया कि सेक्टर में सड़क रिपेयरिंग का काम शुरू हो गया है। इसमें पेचवर्क कराया जा रहा है। कुछ हिस्से में टूटी सड़कों पर ब्लॉक बिछाने का काम भी हो रहा है। काम पार्षदों की निगरानी में कराया जाएगा, ताकि कोई अनियमितता न हो।
नगर परिषद ने सेक्टर 13 और 23 की खराब सड़कों पर पेचवर्क कराने का काम शुरू करा दिया है। ठेकेदार द्वारा सेक्टर में जिन सड़कों की हालत ज्यादा खराब है, उन्हें मेजर पेचवर्क के जरिये सुधारा जाएगा। नगर परिषद ने करीब दस लाख के बजट से सेक्टर की सड़कों को सुधारने का काम अलाट किया है। इसी तरह शहर में करीब 100 से अधिक खस्ताहाल सड़कें भी चिह्नित की हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सुधारा जाएगा।
- भवानी प्रताप, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद भिवानी।