पोस्टमार्टम के लिए दीपक के शव को ले जाते मृतक के परिजन।
भिवानी। बैंक कॉलोनी निवासी एक युवक लिव इन रिलेशनशिप में रह रही गैर समुदाय की युवती द्वारा छोड़ने से आहत होकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। युवक की पहचान दीपक (26) के रूप में हुई है। इस बारे में सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई प्रदीप के बयान पर युवती व उसके अन्य दो परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मृतक के परिजन धर्मेंद्र ने बताया कि दीपक की सोशल मीडिया पर गैर समुदाय की युवती से बातचीत हुई। बातचीत के बाद उनकी नजदीकियां बढ़ने लगीं और करीब दस माह पहले दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इस बात से युवती के परिवार वाले खुश नहीं थे। इसलिए जब युवती अपने घर जाती तो उसके परिवार वाले उसे वापस आने से रोकते थे, लेकिन इस बार जब युवती अपने घर गई तो वह वापस नहीं आई। इससे कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा। शुक्रवार सुबह उसका शव घर पर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने इस बारे में सूचना पुलिस को दी। सूचना के आधार पर औद्योगिक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कार्रवाई की।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों का सौंप दिया। इस मामले में मृतक के परिजन के बयान पर युवती और उसके अन्य दो परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में लगी है।
- निरीक्षक सुनील कुमार, प्रभारी, औद्योगिक पुलिस थाना, भिवानी।