इस अवसर पर निदेशक सेकेंडरी शिक्षा हरियाणा आशिमा बराड़, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लॉ एंड ऑर्डर ममता सिंह एवं बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने भी अध्यापक पात्रता परीक्षा के सफल संचालन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए संबोधित किया।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि परीक्षा की पल-पल की मॉनिटरिंग करने के उद्देश्य से भिवानी बोर्ड मुख्यालय पर एक हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सभी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में एचटेट का नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के इर्द-गिर्द 200 मीटर की परिधि में धारा-144 स्थानीय प्रशासन द्वारा लगाई जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल परीक्षा आरंभ होने से काफी समय पूर्व परीक्षा केंद्रों के बाहर तैनात रहेगा।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में बिना पहचान-पत्र किसी भी अधिकारी, कर्मचारी का प्रवेश नहीं होगा, इसलिए सभी अधिकारी, कर्मचारी अपना पहचान-पत्र साथ लेकर ही परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहें और परीक्षा केंद्र पर नियुक्त स्टाफ द्वारा भी परीक्षा के दौरान गले में पहचान-पत्र डालकर रखा जाना अनिवार्य है।
फर्म की ओर से नियुक्त जैसे कैमरा मैन, बायोमेट्रिक, सीसीटीवी इत्यादि के कर्मचारियों के लिए भी पहचान-पत्र पहनना अनिवार्य है। डॉ. यादव ने बताया कि परीक्षार्थी इस बारे विशेष ध्यान रखें कि प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) का प्रिंट रंगीन फोटो के साथ लिया जाना है और वैसी ही रंगीन फोटो जोकि ऑनलाइन फार्म के दौरान प्रयोग में लाई गई थी, प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) पर वैसी रंगीन फोटो राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाकर केंद्र पर जमा करवाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर नियुक्त स्टॉफ, केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक अमला अथवा परीक्षा के लिए किसी भी अन्य ड्यूटी पर नियुक्त व्यक्ति की परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है अथवा परीक्षा की पवित्रता भंग करने में संलिप्तता पाई जाती है जो उनके खिलाफ भी शून्य सहनशीलता की नीति के तहत सख्ती से विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड अध्यक्ष यादव ने कहा कि परीक्षा का संचालन एक सामूहिक कार्य है, जिसके लिए प्रशासन, पुलिस, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षा विभाग, शैक्षणिक संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।