भिवानी। गर्मी के कारण जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या फिर से बढ़ने लगी है। ज्यादातर मरीज वायरल बुखार और उल्टी दस्त से पीड़ित हैं। ऐसे मरीजों को चिकित्सक दवाइयों के साथ सलाह भी दे रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी में रोजाना ही करीब साढ़े 1200 मरीज जुट रहे हैं, इनमें सबसे अधिक 300 मरीज वायरल बुखार, उल्टी दस्त से पीड़ित आ रहे हैं।
ज्यादातर मरीजों का बुखार 105 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में मरीजों को ओपीडी से वार्ड में दाखिल भी किया जा रहा है। बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में अलग से वार्ड भी बनाया हुआ है। इस वार्ड में मरीजों के लिए मच्छर दानी सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी की हुई हैं।
ये बुखार इतना घातक है कि इसके दिमाग में चढ़ने का भी खतरा बना रहता है। इससे मरीज की दिमाग की नशों के फटने का खतरा बना रहता है। चिकित्सक भी बुखार आने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार शुरू कराने की सलाह दे रहे हैं वहीं खास सावधानियां बरतने को लेकर भी मरीजों को उपाय सुझाए जा रहे हैं।
बीमारी के लक्षण
- उल्टी लगनी शुरू हो जाएगी।
- जीभ सूखने लगेगी।
- शरीर में पानी की कमी हो जाएगी।
- हल्का बुखार आना शुरू हो जाएगा।
- शरीर में कमजोरी सी लगने लगेगी
बीमारी से बचाव के उपाय
- दिन में बार बार पानी पीते रहें।
- धूप में सिर को कपडे़ से ढक कर रखें।
- स्वच्छ खाना खाएं।
- गर्मी में जयादा तली हुई चीजें न खाएं।
- अगर धूप में कहीं बाहर जा रहे है,तो पानी साथ लेकर जाएं।
नागरिक अस्पताल में भीषण गर्मी के चलते आए दिन मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही। इससे अस्पताल में बुखार, उल्टी, दस्त के जयादा मरीज आ रहे हैं। भीषण गर्मी का शिकार होने से बचे दिन में बार-बार पानी पीते रहें। गर्मी में जयादा तली हुई चीजें न खाएं। धूप में बाहर न घूमें।
-डाॅ. यतिन गुप्ता, फिजिशियन, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।