भिवानी। रविवार को नर्सिंग स्टाफ आफिसर एसोसिएशन का करनाल में प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन को लेकर भिवानी से भी नर्सिंग आफिसर पहुंची। इससे पूर्व नर्सिंग आफिसर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान वार्डों में दाखिल मरीजों की देखभाल के लिए एक-एक स्टाफ नर्स ही तैनात रहीं। वहीं एनएचएम कर्मियों की भी रविवार को लगातार तीसरे दिन हड़ताल रही।
हालांकि रविवार छुट्टी की वजह से ज्यादा व्यवस्थाएं प्रभावित नहीं हुई लेकिन फिर भी एनएचएम कर्मियों की हड़ताल के चलते एंबुलेंस, डिलीवरी हट पर कामकाज प्रभावित हुआ। एंबुलेंस सेवा में कौशल रोजगार के तहत लगे चालकों ने जिम्मेदारी संभाली। भिवानी में एनएचएम के करीब साढ़े पांच सौ कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं। रविवार को नर्सिंग स्टाफ आफिसर एसोसिएशन की राज्य प्रधान सुनीता के नेतृत्व में स्टाफ नर्स का दल करनाल पहुंचा। हालांकि चिकित्सकों ने हड़ताल खत्म कर दी है, मगर नर्स और एनएचएम कर्मियों की हड़ताल ने स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
तीन दिनों से कौशल रोजगार के कर्मचारी चला रहे एंबुलेंस
भिवानी में स्वास्थ्य बेडे में करीब 25 से अधिक एंबुलेंस हैं। जिसमें जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम से केवल पांच एंबुलेंस ही चलाई जा रही हैं, इन्हें भी कौशल रोजगार के तहत लगे कर्मचारी चला रहे हैं। जबकि एनएचएम के तहत लगे चालक हड़ताल पर चल रहे हैं।