भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में लगातार तीसरे दिन तक करीब साढ़े सात सौ चयनित अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किया गया। सोमवार को भी ग्रुप डी के चयनित अभ्यर्थी मेडिकल कराने के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे। सिविल सर्जन कार्यालय में फाइल जमा कराने को लेकर एक ही खिड़की होने पर धक्कामुक्की का माहौल बना। मेडिकल के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलग से इंतजाम भी किए थे।
ग्रुप डी के चयनित अभ्यर्थियों का लगातार तीसरे दिन भी मेडिकल कराने के लिए अस्पताल में तांता लगा। चयनित अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावक भी नागरिक अस्पताल में मेडिकल के लिए पहुंचे। ओपीडी में मरीजों की भीड़ जुटने के साथ ही मेडिकल कराने वाले युवाओं की भीड़ भी जुटी। इसकी वजह से चिकित्सकों के कक्ष के आगे भी मरीजों के साथ युवाओं का जमावड़ा लगा। ओपीडी में भी सप्ताह के पहले दिन मरीजों की काफी भीड़ होती है। ऐसे में मेडिकल भी ओपीडी के चिकित्सक की करते हैं। ईसीजी कराने और लैब में टेस्ट कराने के लिए भी काफी दिक्कतें बनी। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अब तक करीब साढ़े सात सौ चयनित अभ्यर्थियों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिया। जबकि अब भी चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल होना बाकी है।
ग्रुप डी के चयनित अभ्यर्थियों के मेडिकल के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले ही कर ली गई थीं। जिन अभ्यर्थियों ने अपनी फाइल जमा कराई, उन सभी का मेडिकल कर उन्हें सर्टिफिकेट जारी किया जा चुका है। अब भी कोई अभ्यर्थी मेडिकल के लिए आता है तो उसका भी मेडिकल होगा।
-डॉ. रघुवीर शांडिल्य सिविल सर्जन भिवानी।