भिवानी। उधार दिए रुपये वापस न मिलने पर एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के बेटे की शिकायत पर चार नामजदों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में तालू निवासी संजीव ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से अपने चाचा व अन्य परिजनों के साथ महम में रहता है। गत दस अक्तूबर को वह अपने घर पर आया हुआ था। उसके पिता ईश्वर ने उसको बताया कि उसने गांव के ही ईश्वर, इशवंत, अंकित और मदनहेड़ी निवासी संदीप को तीन किला जमीन बेचकर करीब 60 लाख रुपये दे रखे हैं। लेकिन अब वो रुपये देने से मना कर रहे हैं। इसके बाद वह अपने पिता के साथ उक्त आरोपियों के पास गया। जहां आरोपियों ने दिए गए रुपये लौटाने से मना कर दिया और उनके साथ गाली-गलौच की। इसके बाद उसके पिता ने उसको घर भेज दिया। घर जाने के बाद जब उसने अपने पिता के पास फोन किया तो उसके पिता ने फोन रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद उक्त आरोपियों में से एक का फोन उसके पास आया और उसे सूचना दी कि उसका पिता ने जहर निगल लिया और वह हिसार एक निजी अस्पताल में भर्ती है। जब वह हिसार पहुंचा तो उसके पिता ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, इस संबंध में जांच अधिकारी निकेश कुमार ने बताया कि एसपी कार्यालय से हमारे पास मृतक के बेटे की शिकायत प्राप्त हुई है। इस आधार पर चार आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला गत अक्तूबर माह का है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।