भिवानी। अब हरियाणा पर्यटन निगम का भिवानी में खुद का पेट्रोल पंप होगा। इसके लिए कंडम घोषित हो चुके रेड रोबिन की भूमि पर पेट्रोल पंप खोलने की योजना का खाका तैयार हुआ है। पर्यटन विभाग का भिवानी में ऐसा पहला पेट्रोल पंप होगा।
भिवानी में 1976 में बने हरियाणा पर्यटन विभाग के रेड रोबिन में 29 साल तक होटल और रेस्टोरेंट के साथ बार भी चलाया गया। इसी भवन में चार साल तक नगर परिषद का कार्यालय भी लगा। मगर 2009 के बाद इसे पीडब्ल्यूडी विभाग ने कंडम घोषित कर दिया। इसके बाद से ही करोड़ों की बेशकीमती करीब डेढ़ एकड़ से अधिक की ये जगह विरान पड़ी है। इसमें अब पर्यटन निगम के पेट्रोल पंप लगाने का सर्वेक्षण भी हो चुका है।
हरियाणा में पर्यटन विभाग की स्थापना के साथ ही तत्कालीन चौधरी बंसीलाल सरकार ने 1997 में रेड रोबिन पक्षी के नाम से होटल की शुरुआत की थी, इसके अंदर रेस्टोरेंट और बार भी बना हुआ था। करीब 29 सालों तक इसके अंदर पर्यटन विभाग का होटल और बार चलता रहा। इसके बाद 2002 से 2005 तक नगर परिषद का कार्यालय भी रेड रोबिन के खाली भवन में शिफ्ट किया गया। करीब 47 साल पुराने रेड रोबिन के भवन की हालत खस्ता होने लगी तो 2009 में पीडब्ल्यूडी विभाग ने इसे कंडम घोषित कर दिया। करीब तीन साल पहले हरियाणा पर्यटन निगम ने शहर के हांसी रोड रेस्ट हाउस के साथ लगती बेशकीमती करीब डेढ़ एकड़ भूमि में व्यवसायिक गतिविधि चलाने के लिए प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा था। इसमें इंडियन ऑयल कारपोरेशन का पेट्रोल पंप लगाने का प्रस्ताव शामिल रहा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद हरियाणा पर्यटन निगम ने निजी कंपनी से सर्वेक्षण का काम भी करा लिया है। इसके बाद संबंधित विभागों से एनओसी के लिए भी आवेदन किए जा चुके हैं।
पेट्रोल पंप के लिए वन विभाग और बिजली निगम की एनओसी अटकी
रेड रोबिन की जगह पर पेट्रोल पंप लगाने के लिए हरियाणा पर्यटन निगम ने वन विभाग और बिजली निगम से एनओसी के आवेदन किए हैं। इसमें वन विभाग ने अभी एनओसी जारी नहीं की है। रेड रोबिन के खंडहर भवन परिसर में कुछ पेड़ हैं वहीं रेड रोबिन के खंडहर भवन के समीप से बिजली निगम की हाईटेंशन बिजली लाइन भी गुजर रही है। इसको लेकर भी हरियाणा पर्यटन विभाग ने बिजली निगम से इस लाइन को हटाकर एनओसी देने का अनुरोध किया है। मगर निगम की तरफ से अभी कोई जवाब नहीं आया है।
हरियाणा पर्यटन निगम के प्रदेश के अन्य शहरों में चल रहे हैं 12 पेट्रोल पंप
हरियाणा पर्यटन निगम अपनी आमदनी बढ़ाने के मकसद से प्रदेश के विभिन्न शहरों में अपनी जगहों पर इंडियन ऑयल कारपोरेशन के साथ विशेष समझौते के तहत 12 पेट्रोल पंप संचालित कर रहा है। इसमें रोहतक, महम, कैथल, पंचकूला, पानीपत, हिसार, फरीदाबाद, करनाल जैसे शहर शामिल हैं। बहादुरगढ़ में तो पर्यटन विभाग का सीएनजी पंप भी संचालित किया जा रहा है।
पुरानी जेल की जगह पर भिवानी में चल रहा बया पर्यटन केंद्र रेस्टोरेंट और बार
हरियाणा पर्यटन निगम का भिवानी के हांसी रोड रेस्ट हाउस के साथ ही पुरानी जेल की जगह पर बया पर्यटन केंद्र रेस्टोरेंट और बार चल रहा है। चौधरी बंसीलाल सरकार में आठ दिसंबर 1997 को बया पर्यटन केंद्र की आधारशिला रखी थी, जबकि चौटाला सरकार में 11 अगस्त 2002 को इसका शुभारंभ हुआ था। करीब डेढ़ एकड़ में यहां पहले कभी जिला कारागार होती थी, जिसके अंदर बंदी और कैदी रखे जाते थे, जेल की एक पुरानी दीवार आज भी बया पर्यटन केंद्र में इतिहास की गवाह है।
रेड रोबिन की करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर हरियाणा पर्यटन निगम का पेट्रोल पंप प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वेक्षण का कार्य हो चुका है। वन विभाग और बिजली निगम से भी एनओसी के आवेदन किए गए हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद इंडियन ऑयल कारपोरेशन का यहां पेट्रोल पंप लगाया जाएगा। इससे पर्यटन विभाग की आमदनी बढ़ेगी। अन्य शहरों में पर्यटन विभाग के 12 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। भिवानी में यह पहला पेट्रोल पंप होगा।
-सुनील भौरिया, सहायक मैनेजर, हरियाणा पर्यटन निगम भिवानी।