भिवानी। करीब छह दिन पहले हुए सड़क हादसे में घायल युवक ने बृृहस्पतिवार रात को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत से खफा ग्रामीणों ने लोहानी गांव के पास सड़क के बीच शव रखकर भिवानी-लोहारू मुख्य मार्ग को जाम कर किया। ग्रामीणों ने एक ठेकेदार को हादसे के लिए जिम्मेवार ठहराया। ग्रामीणों ने करीब पौना घंटा तक मार्ग जाम कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना पर डीएसपी विजय देशवाल मौके पर पहुंचे और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।पांच फरवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे लोहानी गांव के पास एक पानी के टैंकर से बाइक टकरा गई थी। जिसमें लोहानी वासी युवक सोनू(24) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मगर परिजन उसे हिसार के एक निजी अस्पताल ले गए। बृहस्पतिवार रात युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।शुक्रवार को हिसार में पोस्टमार्टम के बाद जब शव को गांव लाया गया तो ग्रामीण उखड़ गए और शव को सड़क के बीच रख भिवानी-लोहारू मार्ग को जाम कर दिया। करीब साढ़े तीन बजे ग्रामीण एकत्रित हुए और पौने चार बजे जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर डीएसपी विजय देशवाल, एसएचओ सदर थाना इंस्पेक्टर उदमीराम मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ग्रामीण ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। सायं करीब साढ़े चार बजे ग्रामीण शांत हुए और जाम खोला। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर से कड़ा कदम उठाया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ने लापरवाही बरतते हुए कैंटर को रास्ते में खड़ा करवाया। जिस कारण यह हादसा हुआ।वर्जन:::मामले में कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज है। ग्रामीण ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग कर रहे है। जांच की जाएगी। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।उदमीराम, एसएचओ, थाना सदर