भिवानी। जिले की नगर परिषद और नगर पालिकाओं के तहत आने वाले बीपीएल और दो लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के माध्यम से ऋण लेने के लिए पात्र परिवारों के इच्छुक नागरिक लघु सचिवालय स्थित एडीसी कार्यालय के कमरा नंबर 19 में संपर्क कर सकते हैं।
जिला नगर आयुक्त एवं एडीसी हर्षित कुमार ने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शहरी क्षेत्र के लोगों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को स्वरोजगार चलाने के लिए उदार शर्तों पर ऋण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया है कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत नगर परिषद और नगर पालिकाओं क्षेत्र में आने वाले 50 परिवारों को वर्ष 2024-2025 में स्वरोजगार के लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से दो लाख रुपये तक का ऋण मिलेगा। उन्होंने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत महिला एसएचजी बनाने पर यह सुविधा मिलेगी। आवेदक ऋण प्राप्त करने के इच्छुक समूह लघु सचिवालय स्थित अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के कमरा नंबर 19 में संपर्क कर सकते हैं।