लोहानी में पंचायत में मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते वक्ता।
जूई कलां (भिवानी)। गांव की विभिन्न समस्याओं पर चर्चाओं करने के लिए गांव लोहानी में पंचायत हुई। पंचायत में पेयजल की समस्या मुख्य बिंदु रही। पंचायत में पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीणों ने कठोर निर्णय लेते हुए लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का प्रस्ताव पारित किया।
पंचायत फैसले के बारे में सरपंच अशोक ने बताया गांव में पिछले 20 वर्षों से कोई भी नये जलघर का निर्माण नहीं होने से वर्तमान में गांव में पेयजल समस्या बहुत विकराल रूप लेती जा रही है। हालात इतने गंभीर है कि सर्दी के मौसम में भी पेयजल सप्लाई बाधित रहती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है। मई और जून माह की गर्मी में हालात किस कदर दयनीय होंगे। इस समस्या बारे जनप्रतिनिधियों को कई बार अवगत करवाने के बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री द्वारा नए जलघर हेतु स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। लेकिन उसके बावजूद भी ग्रामीण पेयजल को तरस रहे है। इसीलिए लोहानी ग्राम पंचायत ने लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का फैसला लिया है। सरपंच ने बताया कि गांव लोहानी से नंदगांव, सारंगपुर, आसलवास में पेयजल के लिए लोहानी गांव पर ही निर्भर है।