नलवा के अनुदेशक विपिन यादव फिटर अनुदेशक की हिसार में उपचार के दौरान मौत हो गई। उस पर छात्र द्वारा हमला किया गया था। इसके बाद से ही वह हिसार के अस्पताल में दाखिल थे। शुक्रवार को राजकीय आईटीआई भिवानी के कर्मचारियों ने अनुदेशक विपिन यादव की हत्या पर विरोध में रोष प्रदर्शन किया।
आईटीआई यूनियन के राज्य प्रधान सचिन गांधी ने बताया कि गत 9 अक्तूबर को नलवा आईटीआई में शाम करीब साढ़े तीन बजे वर्कशाप में प्रशिक्षण के दौरान किसी छात्र ने एक शिक्षक के सिर पर राॅड से वार कर दिया। झगड़े में शिक्षक विपिन के सिर पर गहरी चोट आई और खून से लथपथ हो गये। घायलावस्था में आईटीआई के कुछ छात्रों ने हिम्मत दिखाते हुए शिक्षक को गाड़ी से लेकर हिसार के निजी अस्पताल में पहुंचे। एक महीना बीत जाने के बाद भी उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। वीरवार को हिसार में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वर्ग अनुदेशक वीरेंद्र ने बताया कि शिक्षक विपिन (37) भिवानी शहर की फ्रेंड्स काॅलोनी का रहने वाले थे। करीब छह माह पहले ही वह तबादले के बाद नलवा आईटीआई में गए थे। इससे पहले करीब छह साल तक भिवानी आईटीआई में रहे थे। पूरे परिवार का बोझ उसी पर ही था। अब उसकी मौत के बाद उनके परिवार पर बच्चों पर रोजगार का संकट आ गया है। इस मौके पर प्रदेश महासचिव स्किल ट्रेनर एसोसिएशन जयप्रकाश श्योराण भी मौजूद रहे।