भिवानी गांव कुंगड़ में चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा समान।
बवानी खेड़ा। कुंगड़ में चोरों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर गहने और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कुंगड़ निवासी महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पांच दिन पहले अपने बेटे रोहित के पास करनाल गए थे। वहां से लौटकर शनिवार करीब दो बजे को वह अपने बेटे रोहित और परिजनों सहित अपने घर पहुंचा तो देखा कि मकान का ताला टूटा था। कमरे में रखी अलमारी का गेट तोड़कर चोर वहां रखे जेवरात और नकदी चुरा ले गए। इसमें सोने की दो चेन, दो अंगूठी, चांदी के सिक्के समेत करीब 40,000 रुपये शामिल थे।
चोर मकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़कर साथ ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। मकान मालिक ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। फिंगर प्रिंट एवं डॉग स्क्वाड समेत पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंची। इस टीम ने मौके से कई नमूने लिए। उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा।
मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि गांव कुंगड़ में मकान में चोरी होने की सूचना मिली है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।